1100-साल पुराना मंदिर नदी में लटका, बचाने के लिए हवन:यूपी में नदियां उफान पर, उन्नाव में नाव चली; 7 जिलों में बारिश का अलर्ट
नेपाल के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश की वजह से यूपी में नदियां उफान पर हैं। घाघरा, सरयू समेत 8 से ज्यादा नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बाराबंकी में 1100 साल पुराने बाबा नारायण दास मंदिर सरयू नदी में लटक गया है। गांववाले और श्रद्धालु मंदिर को बचाने के लिए पूजा-पाठ और हवन कर रहे हैं। उन्नाव में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। नदी के करीब रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है। गलियों में नाव चल रही है। बिजनौर में 2 दिन बाद स्टेट हाईवे से नदी का पानी नीचे उतर गया है। बहराइच में सड़कों पर घाघरा नदी का पानी बह रहा है। गोंडा में एल्गिन-चरसड़ी और भिखारीपुर-सकरौर तटबंध पर कटान शुरू हो गया है। इधर, बुधवार सुबह से पूरे प्रदेश में मौसम साफ है। तेज धूप निकली है। हल्की ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, यूपी की मानसून की विदाई शुरू हो गई है। मुजफ्फरनगर, अलीगढ़ समेत पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों से मानसून वापस लौट चुका है। आज 7 शहरों में हल्की बारिश का अलर्ट है। इससे पहले, मंगलवार सुबह अमेठी, रामपुर और बदायूं में जनवरी जैसी धुंध देखने को मिली। कई जगहों पर 25 मीटर दूर तक देखना मुश्किल हो गया। सीएम योगी ने कुशीनगर में हेलिकॉप्टर से बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया। उन्होंने लोगों से कहा- सरकार उनके साथ खड़ी है। मौसम की तस्वीरें देखिए… वाराणसी में BHU के मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने बताया- यूपी से मानसून वापस जाना शुरू हो गया है। मुजफ्फरनगर, अलीगढ़ और आसपास के इलाकों से इसका असर पूरी तरह खत्म हो गया है। प्रदेश के बाकी हिस्सों से भी मानसून धीरे-धीरे पूरी तरह विदा हो जाएगा। मौसम में नमी कम होगी। तेज धूप की वजह से तापमान बढ़ेगा। स्थानीय मौसमी सिस्टमों की वजह से कुछ जिलों में हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है। आज कहां-कहां बारिश का अलर्ट, देखिए आपके शहर में मौसम कैसा है, कब तक बारिश का अलर्ट है और बाढ़ के हालात कैसे हैं? जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
