योगी, केशव-ब्रजेश तिरंगा लेकर पैदल चले:पंकज चौधरी के साथ सेल्फी ली, लखनऊ में बच्चों के साथ वंदे मातरम के नारे लगाए
लखनऊ में काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस पर रविवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। सीएम योगी, दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी हाथ में तिरंगा लेकर पैदल चले। यात्रा के दौरान योगी के एक तरफ ब्रजेश पाठक तो दूसरी तरफ केशव मौर्य और पंकज चौधरी नजर आए। योगी ने बच्चों और पंकज चौधरी के साथ सेल्फी भी ली। देशभक्ति के गानों, ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच तिरंगा यात्रा सुबह 9.50 बजे मुख्यमंत्री आवास (5, कालिदास मार्ग) से शुरू हुई। 30 मिनट में 2 किमी का सफर तय कर यात्रा विधानभवन पहुंची। यात्रा में कैबिनेट मंत्रियों, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ स्कूली बच्चे भी शामिल हुए। बच्चे 101 फिट का तिरंगा लेकर विधानसभा पहुंचे। इससे पहले, पहले योगी ने कहा- कांग्रेस के समय में घर पर तिरंगा लगाने के लिए लड़ाई लड़नी पड़ती थी। पीएम मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों को घर के ऊपर तिरंगा लगाने की आजादी दी। अब यह नहीं चल सकता कि रहेंगे भारत में और भारत के प्रतीकों, महापुरुषों, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत को अपमानित करेंगे। बता दें कि काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस 9 अगस्त 1925 को लखनऊ के पास काकोरी में हुई ऐतिहासिक घटना की याद में मनाया जाता है। इस दिन क्रांतिकारियों ने अंग्रेजों का खजाना सरकारी खजाने से रोकड़ा (धन) जब्त कर स्वतंत्रता संग्राम के लिए हथियार खरीदने का ऐतिहासिक कदम उठाया था। तिरंगा यात्रा की 3 तस्वीरें- सीएम योगी के संबोधन की 3 बड़ी बातें- 1. हमारा युवा प्रतिभाशाली, ऊर्जा का प्रतीक
सीएम ने कहा- वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। पूरे देश में इसका गान हो रहा है। काकोरी ट्रेन एक्शन में हमारे युवाओं ने अंग्रेजों की जड़ों को हिलाने का काम किया था। हमारा युवा प्रतिभाशाली है। ऊर्जा का प्रतीक है। देश की हर चुनौती का सामना करने का सामर्थ्य रखता है। इसलिए जरूरी है कि युवाओं की इस ऊर्जा को आगे बढ़ने के लिए सही मंच मिले। 2. युवा देश और समाज की चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार रहें
उन्होंने कहा- युवाओं को अपनी पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ देश और समाज के सामने आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए भी खुद को तैयार करना चाहिए। इसी भावना के साथ, दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी BJP आज पूरे देश में ‘तिरंगा यात्रा’ शुरू कर रही है। 3. ‘1947 के बाद जो काम होना था, उसमें 75 साल क्यों लग गए’
योगी ने कहा- 1947 के तुरंत बाद जो काम किया जाना चाहिए था, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति जो सम्मान दिखाया जाना चाहिए था, उसे होने में 75 साल और क्यों लग गए? वजह यह थी कि कुछ लोगों के लिए सत्ता सबसे ऊपर थी। इसके उलट, प्रधानमंत्री मोदी ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना रखते हैं। तिरंगा यात्रा के पल-पल अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
