राम मंदिर चोरी- रकम कहां छिपाई, इसकी जांच होगी:आरोपी अविनाश को लेकर पुलिस उन जगहों पर जाएगी; अनिल मिश्रा-गोपाल राव से दोबारा पूछताछ होगी
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपी अविनाश शुक्ला को पुलिस ने 24 घंटे की कस्टडी में ले लिया है। अयोध्या पुलिस शुक्रवार सुबह 9 बजे अविनाश को जिला जेल से अपने साथ ले गई। गुरुवार को कोर्ट ने पुलिस को अविनाश की कस्टडी दी थी। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि अविनाश ने सोने-चांदी के जेवर समेत मोटी रकम ठिकाने लगाई है। पुलिस अविनाश की निशानदेही पर उन-उन जगहों पर जा सकती है, जहां रकम छिपाई गई है। अविनाश मंदिर में चढ़ावे की गिनती का काम करता था। उसके घर से मंदिर का संदूक, 20 लाख नकद, 1000 से ज्यादा डॉलर और गहने मिले थे। इससे पहले, स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने आज फिर ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा और आमंत्रित ट्रस्ट सदस्य गोपाल राव को पूछताछ के लिए बुलाया है। बैंक ब्योरा, मंदिर कर्मचारियों की जॉइनिंग से संबंधित दस्तावेज लाने को कहा है। SIT गुरुवार दोपहर 2.30 बजे मंदिर पहुंची थी। दोनों को बारी-बारी से बुलाकर बंद कमरे में 5 घंटे पूछताछ की थी। इधर, अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) ने आरोपी लवकुश मिश्रा के शहादतगंज स्थित मकान और अनुकल्प मिश्रा के कौशलपुरी स्थित मकान पर बुलडोजर चलाने की तैयारी कर ली है। ADA ने लवकुश की पत्नी सुप्रिया मिश्रा को नोटिस भी जारी किया है। हालांकि, लवकुश की पत्नी का कहना है कि हमें कोई नोटिस नहीं मिला है। हमारे मकान का नक्शा पास है, लेकिन इसके बारे में मेरे ससुर जानते हैं। वही मकान बनवा रहे हैं। हम चाहते हैं कि मेरे पति घर आ जाएं। भगवान से यही विनती है कि उन्हें कुछ न हो। राम मंदिर चढ़ावा चोरी से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
