यूपी के 30 शहरों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट:बिजली गिरने से किसान की मौत; 2 दिन बाद आएगा मानसून
यूपी में मौसम में उतार-चढ़ाव सिलसिला जारी है। आज यानी शनिवार को दिन की शुरुआत प्रदेश के ज्यादातर शहरों में तेज धूप के साथ हुई। हवा में नमी की वजह से उमस हो रही है। पसीने से लोगों का हाल-बेहाल है। आज 30 शहरों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट है। कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी आशंका है। 22 जिलों हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 किमी/घंटे तक पहुंच सकती है। इस बीच, मानसून पर नया अपडेट आ गया है। यह पिछले 16-17 दिनों से यूपी बॉर्डर पर महराजगंज के पास अटका है। आमतौर पर 20 जून तक आ जाता है, लेकिन इस बार इसके 29 जून तक प्रदेश में एंट्री लेने के आसार है। यानी यह करीब 8 दिन लेट है। इससे पहले, शुक्रवार को हमीरपुर में बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। लखीमपुर खीरी 43.2°C के साथ सबसे गर्म शहर रहा। बांदा-आगरा में पारा 43°C, लखनऊ में 42.4°C, अलीगढ़ में 42.2°C और प्रयागराज में 42°C रिकॉर्ड किया गया। 2 दिन बाद यूपी में मानसूनी बारिश शुरू होगी मौसम विभाग का कहना है कि 2 दिन बाद यूपी में मानसूनी बारिश शुरू होगी। जिन इलाकों में बारिश नहीं भी होगी, वहां भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। तापमान में 8°C से 9°C तक गिरावट आएगी। इससे झुलसाने वाली गर्मी और लू से राहत मिलेगी। 30 जून से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा। मानसून की एंट्री के लिए मौसमी सिस्टम एक्टिव लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसून 16-17 दिनों से महराजगंज के पास रुका है। अब अगले दो दिन के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के यूपी में प्रवेश के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। आज और कल तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तपिश और लू का असर रहेगा। इस दौरान प्रदेश के पूर्वी, तराई और कुछ अन्य इलाकों में तेज हवाएं चलने और मामूली बारिश होने की भी संभावना है। आपके शहर में मौसम कैसा है, मानसून कब तक आ सकता है? अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
