25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
कौशाम्बी। मंझनपुर थाना पुलिस ने भैंस चोरी की घटनाओं में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश गुड्डू उर्फ साहिल को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार 29/30 अप्रैल 2026 की रात थाना मंझनपुर क्षेत्र के बंधवा रजबर और भेलखा गांव से कई भैंसों की चोरी हुई थी। मामले में पहले ही छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि गुड्डू उर्फ साहिल फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर ₹25,000 का इनाम घोषित था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एदिलपुर नहर के पास घेराबंदी की। पुलिस का आरोप है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
👤 गिरफ्तार आरोपी की पहचान
गुड्डू उर्फ साहिल पुत्र तूफान अहमद निवासी रहीमपुर मौलानी, थाना करारी के रूप में हुई है।
🔫 बरामदगी
• एक तमंचा 315 बोर
• एक जिंदा कारतूस
• एक खोखा कारतूस
• चोरी की घटनाओं से अर्जित ₹3310 नकद
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ भैंस चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी की गई भैंसों को उन्नाव के एक स्लॉटर हाउस में बेच दिया गया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भैंस चोरी, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, पशु क्रूरता अधिनियम तथा पॉक्सो सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
🚔 पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
