साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन, श्रमिकों और शिक्षा अधिकार पर दी गई जानकारी
कौशाम्बी। चायल तहसील के सराय अकिल स्थित संजीवनी हॉस्पिटल एवं ट्रामा सेंटर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जनपद न्यायालय कौशाम्बी के तत्वाधान में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों एवं शिक्षा के अधिकार विषय पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में पराविधिक स्वयंसेवक ममता दिवाकर ने निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत एवं पात्र लाभार्थियों को मिलने वाली विधिक सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 15100 एवं टोल फ्री नंबर 18004190234 के बारे में भी जागरूक किया गया।
शिविर में महिला एवं बाल कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांग सहायता योजना तथा हेल्पलाइन नंबर 1098, 1090 और 181 की जानकारी भी दी गई।
मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज के प्रोफेसर डॉ. राजकुमार चौधरी ने श्रमिक वर्ग के लिए सरकारी योजनाओं की महत्ता पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. अखिल चौधरी ने शिक्षा को प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार बताते हुए अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
डॉ. नरेंद्र दिवाकर ने असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे ई-श्रम पोर्टल, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं आयुष्मान भारत योजना की जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन पीएलवी अमरदीप दिवाकर ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन पीएलवी ज्योत्सना सोनकर द्वारा प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर संजीवनी हॉस्पिटल के मैनेजर संजय पाल, विमल चंद्र गुप्ता, शीलवंत सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में मरीजों के परिजन उपस्थित रहे।
📝 रिपोर्ट : अमरनाथ झा
