नीट (UG) परीक्षा केंद्रों का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, नकलविहीन परीक्षा के दिए सख्त निर्देश
प्रयागराज। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 रिएग्जाम को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय, सीएवी इंटर कॉलेज, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज सहित अन्य विद्यालयों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, पहचान सत्यापन व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, सुरक्षा प्रबंध, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश एवं विद्युत आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर केंद्र व्यवस्थाओं को देखा और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, अभ्यर्थियों की सघन जांच तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और कैमरों के माध्यम से हो रही लाइव मॉनिटरिंग की स्थिति की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं परीक्षा में तैनात कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली गई हैं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा संचालन से जुड़ी विस्तृत जानकारी जिलाधिकारी को दी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए सभी स्तरों पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
