कला समन्वित शिक्षा नई शिक्षा नीति का केंद्र बिंदु: पांच दिवसीय कार्यशाला का समापन
👉 100 शिक्षकों ने कला आधारित शिक्षण का सीखा हुनर..
👉 सिद्धि समारोह में सफल प्रतिभागियों को वितरित किए गए प्रमाण पत्र..
प्रयागराज। नई शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत कला समन्वित शिक्षा को विद्यालयी स्तर पर प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आयोजित पांच दिवसीय ‘शिक्षा में नाट्यकला’ कार्यशाला का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र (CCRT), नई दिल्ली और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), प्रयागराज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला में जिले के 100 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला के दौरान शिक्षकों को कला और नाट्य गतिविधियों के माध्यम से शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को रोचक, संवादात्मक और प्रभावी बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।
23 नवंबर से शुरू हुई कार्यशाला का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक एवं डायट प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार राय, CCRT के कार्यक्रम समन्वय अधिकारी विनोद कुमार तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। पांच दिनों तक चले तकनीकी और व्यावहारिक सत्रों में विभिन्न विषय विशेषज्ञों और कलाकारों ने शिक्षकों को कला आधारित शिक्षण की बारीकियों से परिचित कराया।
डॉ. धनंजय चोपड़ा ने संप्रेषण कौशल, कहानी लेखन और नाटक लेखन की विधाओं पर प्रकाश डाला। अंतरराष्ट्रीय लोकगायिका ममता शर्मा ने कजरी, ठुमरी, गजल और लोक नृत्य की विविध विधाओं से परिचित कराया। वहीं, रंगमंच विशेषज्ञ दीपक सिंह ने नाट्यकला के व्यावहारिक पक्ष की जानकारी दी।
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के हिम्मत सिंह नेगी और उनके सहयोगियों ने विभिन्न नाट्य गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों में आत्मविश्वास विकसित किया। मनोज कुमार (मनोज सिंह) ने ‘रोल ऑन द वॉल’ गतिविधि और विभिन्न विषयों के साथ नाट्यकला को जोड़ने की सत्र योजना पर चर्चा की। आशुतोष तिवारी (शांडिल्य) ने राजभाषा नीति और उससे जुड़े संवैधानिक प्रावधानों की जानकारी दी।
कार्यशाला में प्रयागराज के एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) मूंज शिल्प की कलाकार चांदनी और शिल्प विशेषज्ञों ने पारंपरिक हस्तकला का प्रशिक्षण दिया। अंतिम दिवस पर डॉ. सुरेंद्र कुमार ने भारतीय संगीत के विभिन्न घरानों, लोक संस्कृति और नाट्यकला के सौंदर्यशास्त्रीय संबंधों पर व्याख्यान दिया।
सिद्धि समारोह में शिक्षकों को प्रमाण पत्र वितरित
कार्यशाला के अंतिम दिन आयोजित सिद्धि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षा निदेशालय, उत्तर प्रदेश के संयुक्त शिक्षा निदेशक (वित्त) महेंद्र कुमार सिंह तथा जिला विद्यालय निरीक्षक एवं डायट प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार राय उपस्थित रहे। समापन सत्र से पहले शिक्षकों ने सामूहिक नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सहयोगात्मक सीखने का प्रदर्शन किया और कार्यशाला से संबंधित अपना फीडबैक साझा किया।
इसके बाद मुख्य अतिथियों ने सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। कार्यक्रम के अंत में CCRT के कार्यक्रम समन्वय अधिकारी विनोद कुमार ने अतिथियों, विषय विशेषज्ञों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यशाला के सफल आयोजन में पंकज त्रिपाठी तथा नेशनल मेंटर शत्रुंजय शर्मा ने महत्वपूर्ण समन्वय एवं सहयोग प्रदान किया।
अमरनाथ झा पत्रकार -9415254415
