घर के भीतर फंदे से लटकता मिला युवक का शव, गांव में मचा हड़कंप
कौशाम्बी | मंझनपुर थाना क्षेत्र
मंझनपुर थाना क्षेत्र के कोर्रो गांव में रविवार शाम एक युवक का शव घर के भीतर फांसी के फंदे से लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
परिजनों के अनुसार युवक पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। रविवार सुबह भोजन करने के बाद वह घर के दूसरे हिस्से में आराम करने चला गया। शाम करीब चार बजे काफी देर तक बाहर न आने पर परिवार के लोग उसे देखने पहुंचे, जहां उसका शव छप्पर में फंदे से लटकता मिला।
सूचना पर पहुंची मंझनपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
