कौशाम्बी में व्यापारी से लूट, खंडहर में ले जाकर लटकाया
👉 25 हजार की लूट, शोर सुनकर पहुंचे लोग—पुलिस जांच में जुटी…
कौशाम्बी। जनपद के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के जजौली गांव में एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने एक व्यापारी को निशाना बनाते हुए न केवल उससे 25 हजार रुपये लूट लिए, बल्कि उसे एक खंडहरनुमा मकान में ले जाकर रस्सी से लटका दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने पहले व्यापारी से लिफ्ट मांगी और कुछ दूरी पर पहुंचते ही अपने साथियों के साथ मिलकर उसे रोक लिया। इसके बाद उसे जबरन एक निर्माणाधीन/खंडहर मकान में ले जाया गया, जहां उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और नगदी लूट ली गई।
आरोप है कि बदमाशों ने व्यापारी को रस्सी से लटकाकर जान से मारने की भी कोशिश की, लेकिन किसी तरह उसकी जान बच गई। घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया है और जल्द खुलासे का दावा किया है।
यह घटना क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है, क्योंकि हाल के दिनों में जिले में लूट , हत्या, दुष्कर्म और अपराध की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
Amarnath Jha Kaushambi
