जबरन ‘कर्मयोगी ऐप’ डाउनलोड कराने से कर्मचारियों में नाराज़गी, डेटा व समय की भारी खपत
👉 कर्मयोगी ऐप जबरन डाउनलोड पर कर्मचारियों में नाराज़गी..
👉 10GB तक डेटा खर्च, 5 से 30 घंटे तक लगा समय..
👉 ड्यूटी के साथ कोर्स का दबाव, अलग से समय नहीं मिला..
👉 अतिरिक्त बोझ से कर्मचारी परेशान, उठे सवाल…
प्रयागराज/ कौशाम्बी। सरकारी कर्मचारियों, विशेषकर पुलिस कर्मियों के बीच इन दिनों iGOT Karmayogi (कर्मयोगी ऐप) को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है। आरोप है कि कर्मचारियों से बिना सहमति के जबरन ऐप डाउनलोड कराया गया, जिससे उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
कर्मचारियों का कहना है कि ऐप डाउनलोड और कोर्स पूरा करने में करीब 5 से 30 घंटे तक का समय लग रहा है, वहीं लगभग 10 जीबी तक इंटरनेट डेटा भी खर्च हो रहा है। कई कर्मचारियों ने बताया कि किसी को 25 घंटे, किसी को 10 घंटे और कुछ को 30 घंटे तक का समय देना पड़ा, जिससे उनकी दैनिक ड्यूटी प्रभावित हुई।
सबसे बड़ा आरोप यह है कि इस प्रशिक्षण के लिए कोई अलग समय निर्धारित नहीं किया गया, बल्कि नियमित ड्यूटी के साथ ही कोर्स पूरा करने का दबाव बनाया जा रहा है। इससे पुलिस कर्मियों और अन्य कर्मचारियों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है और वे मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं।
कर्मचारियों ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा है कि यदि यह प्रशिक्षण अनिवार्य है तो इसके लिए उचित समय और संसाधन उपलब्ध कराए जाने चाहिए। साथ ही उन्होंने उच्च अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर राहत देने की मांग की है।
Amarnath jha Kaushambi -9415254415
