खरौना गांव में खलिहान की जमीन पर फिर शुरू हुआ अवैध निर्माण, प्रशासन के आदेश बेअसर, प्रस्ताव कही और का बनवा रहा कही और
👉 खरौना गांव में खलिहान की जमीन पर अवैध निर्माण का विवाद फिर गरमाया।
👉 डीएम व एडीएम के आदेशों के बावजूद ग्राम प्रधान ने आज सुबह दोबारा शुरू कराया निर्माण कार्य।
👉 कल रात शिकायत पर हटवाई गई लिंटर मशीन, सुबह फिर लगवाए मजदूर।
👉 लेखपाल सुनीता देवी ने मौके पर रोक लगाई थी, बावजूद इसके नहीं थमा काम।
👉 सुरक्षित भूमि आराजी नंबर 82 पर निर्माण, हाईकोर्ट में पहले से जनहित याचिका दायर।
कौशाम्बी। तहसील मंझनपुर के सरसवा ब्लॉक के खरौना गांव में खलिहान की जमीन पर अवैध निर्माण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्राम प्रधान ने प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी करते हुए आज सुबह फिर से निर्माण कार्य शुरू करा दिया है।
बीती रात करीब 11:30 बजे लिंटर डलवाने की तैयारी थी, लेकिन डीएम से शिकायत के बाद मौके से ट्रैक्टर और मिक्सचर मशीन हटवा दी गई थी। बावजूद इसके, सुबह होते ही प्रधान ने दोबारा मजदूरों को लगाकर निर्माण शुरू करा दिया।
बताया जा रहा है कि लेखपाल सुनीता देवी ने कल शाम मौके पर जाकर निर्माण रुकवाया था, साथ ही एसडीएम मंझनपुर और एडीएम सदर को सूचना दी गई थी। प्रशासनिक अफसरों द्वारा कार्यवाही का आश्वासन दिया गया था, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षित घोषित खलिहान भूमि (आराजी नंबर-82) पर भवन निर्माण कराया जा रहा है, जबकि ग्रामसभा की बैठक में भवन निर्माण का प्रस्ताव किसी अन्य स्थान पर पारित हुआ था। इस मामले में पहले से ही उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्राम प्रधान खुलेआम कानून व्यवस्था को चुनौती दे रहा है। सवाल यह उठता है कि जब शिकायतें एडीएम और डीएम स्तर तक पहुंच चुकी हैं, तब भी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?
(रिपोर्ट: अमरनाथ झा, पत्रकार — कौशाम्बी)
