मैनपावर भर्ती में पोर्टल की गड़बड़ी से वंचित हुए सैकड़ों युवा, तिथि बढ़ाने की मांग तेज..
👉 मैनपावर भर्ती की ऑनलाइन प्रक्रिया तकनीकी खामियों से प्रभावित,सैकड़ों अभ्यर्थी आवेदन से वंचित, बढ़ी बेरोजगार युवाओं की चिंता।
👉 सेवायोजन व श्रम पोर्टल पर बार-बार तकनीकी दिक्कत की शिकायतें,युवाओं ने डीएम से एक सप्ताह की तिथि वृद्धि की मांग की।
👉 नगर पालिका अधिकारियों ने भी स्वीकार की तकनीकी शिकायतें,प्रशासन से तिथि विस्तार पर जल्द सकारात्मक निर्णय की उम्मीद।
मंझनपुर (कौशांबी), 18 सितंबर — नगर पालिका मंझनपुर समेत जिले की अन्य नगर निकायों में मैनपावर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया तकनीकी गड़बड़ियों की भेंट चढ़ गई है। सेवायोजन पोर्टल और श्रम पोर्टल पर बार-बार आ रही तकनीकी समस्याओं के कारण सैकड़ों ग्रामीण युवा आवेदन नहीं कर पाए। इससे नाराज़ युवाओं ने जिलाधिकारी कौशांबी का ध्यान आकर्षित करते हुए एक सप्ताह की तिथि वृद्धि की मांग की है।
ग्रामीण क्षेत्रों से आए युवाओं का कहना है कि सरकार ने आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी है, लेकिन गांवों में नेटवर्क की समस्या, सीमित संसाधन और पोर्टल की खराबी के कारण वे समय रहते आवेदन नहीं कर सके। कई युवाओं ने प्रयास के बावजूद वेबसाइट पर लॉगिन नहीं कर पाने या आवेदन फार्म सबमिट न होने की शिकायत की है।
🔹 युवाओं ने DM से की गुहार
कई गांवों से आए प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका मंझनपुर और जिलाधिकारी से ध्यान आकर्षित कराते हुए मांग की कि आवेदन की अंतिम तिथि कम से कम 7 दिन बढ़ाई जाए, जिससे सभी इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन कर सकें।
अनिल कुमार, एक ग्रामीण अभ्यर्थी ने बताया, “मैंने कई बार पोर्टल पर आवेदन करने की कोशिश की लेकिन साइट खुल ही नहीं रही थी। अगर समय नहीं बढ़ाया गया तो हमारा भविष्य अधर में लटक जाएगा।”
🔹 तकनीकी खामियों से बढ़ी बेरोजगारों की चिंता
प्रदेश सरकार भले ही बेरोजगारों के लिए रोजगार उपलब्ध कराने के दावे कर रही है, लेकिन हकीकत यह है कि तकनीकी खामियों के कारण युवाओं को लाभ नहीं मिल पा रहा। डिजिटल प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग न हो, इसके लिए निगरानी जरूरी है, लेकिन तकनीकी सुधारों पर भी तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है।
🔹 क्या कहती है नगर पालिका?
नगर पालिका मंझनपुर के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उन्हें भी कई युवाओं की शिकायतें मिली हैं। “अगर उच्च स्तर से आदेश मिलेगा तो आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई जा सकती है।”
जनहित में उठी मांग, प्रशासन से सकारात्मक निर्णय की उम्मीद
इस मुद्दे को लेकर अब गांव-गांव में चर्चा हो रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी अपील की गई है कि वे युवाओं के समर्थन में प्रशासन से बात करें। देखना होगा कि प्रशासन इस तकनीकी चूक को गंभीरता से लेकर तिथि विस्तार का निर्णय लेता है या नहीं।
अमरनाथ झा पत्रकार- 8318977396
