स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस अधीक्षक ने फहराया तिरंगा, 40 पुलिसकर्मी सम्मानित
👉 पुलिस लाइन व कैंप कार्यालय में ध्वजारोहण कर दिलाई कर्तव्यनिष्ठा की शपथ। शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि, पुलिस बैंड ने प्रस्तुत किया राष्ट्रगान।
👉 उत्कृष्ट कार्य करने वाले 40 पुलिसकर्मी पदक व प्रशस्ति पत्र से सम्मानित। डीजीपी, गृह मंत्रालय व यूपी 112 मुख्यालय की ओर से मिला सम्मान।
👉 एएसपी राजेश कुमार सिंह समेत कई अधिकारियों को मिला प्रशंसा चिन्ह।
कौशाम्बी। जनपद कौशाम्बी में 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने कैंप कार्यालय और पुलिस लाइन में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर पुलिसकर्मियों को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं निष्पक्षता से कर्तव्यों के निर्वहन की शपथ दिलाई। इस दौरान पुलिस बैंड पार्टी द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को विभिन्न पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। पुलिस महानिदेशक लखनऊ द्वारा 05 पुलिसकर्मियों को “प्रशंसा चिन्ह सिल्वर” और प्रमाण पत्र, जबकि राष्ट्रपति/गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा स्वीकृत 08 पुलिसकर्मियों को अति उत्कृष्ट/सराहनीय सेवा पदक दिया गया। इसके अलावा डीजीपी उत्तर प्रदेश ने 04 पुलिसकर्मियों को “प्रशंसा चिन्ह रजत” और “सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह” से नवाजा।
यूपी 112 मुख्यालय ने तेज रिस्पांस टाइम के लिए 14 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र दिए। वहीं, एडीजी प्रयागराज जोन ने भर्ती-2023 में सराहनीय कार्य हेतु एएसपी कौशाम्बी व सीओ लाइन समेत 09 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया।
कुल मिलाकर स्वतंत्रता दिवस समारोह में जनपद के 40 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अदम्य साहस, शौर्य और सराहनीय सेवाओं के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन जनेश्वर प्रसाद पांडेय, प्रतिसार निरीक्षक कौशाम्बी सहित सभी अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
