पति की मौत के बाद ससुराल वालों ने घर से निकाला, महिला ने ससुरालियों पर हत्या का लगाया आरोप, पीड़िता के मकान और जेवर संपत्ति हड़पे
👉 पति की मौत के बाद महिला को ससुराल से निकाला ,अलीपुर जीता की सकीना बानो ने ससुरालियों पर लगाया हत्या का आरोप
👉 पति को जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप, इलाज भी नहीं कराया गया ,7 फरवरी को बिना जानकारी मायके वालों के, अंतिम संस्कार किया गया ,लाखों के जेवर, बुलेट बाइक और मकान पर ससुराल का कब्जा…
👉 पीड़िता को ही उसके नए मकान में घुसने तक नहीं दे रहे ससुराल वाले ,एसपी कौशांबी से हत्या की FIR और दोबारा जांच की मांग…
👉 जान-माल की सुरक्षा और संपत्ति का अधिकार दिलाने की गुहार
कौशांबी, 12 अगस्त 2025 । थाना कड़ाधाम क्षेत्र के अलीपुर जीता गांव की रहने वाली सकीना बानो ने अपने ससुरालियों पर पति की हत्या कर घर से निकालने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कौशांबी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता सकीना बानो ने बताया कि उसकी शादी 11 मार्च 2021 को मुस्लिम रीति-रिवाज से सिकंदर खान पुत्र अवतार खान उर्फ दीपक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुर की नीयत खराब हो गई थी। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो पति से भी शिकायत की। पति द्वारा टोके जाने के बाद ससुर, सास और देवर का व्यवहार बुरी तरह बदल गया और तीनों प्रताड़ित करने लगे।
पीड़िता के अनुसार, उनके पति अलीपुर जीता में खाद-बीज की दुकान चलाते थे, जो पूरी तरह उनकी अपनी थी। व्यापार के लिए उसके भाई ने 2 लाख रुपये उधार भी दिए थे। कई साल तक चले झगड़े और मारपीट के बाद पति-पत्नी ने अलग मकान बनवा लिया, जिसमें फरवरी 2025 में शिफ्ट होने की योजना थी।
6 फरवरी 2025 को पीड़िता के अनुसार उसके ससुर ने पति को जहरीला पदार्थ खिला दिया। तड़पते हुए पति घर पहुंचे, लेकिन इलाज कराने की बजाय ससुर ने गालियाँ दीं और इलाज नहीं करवाया। पति की मौके पर ही मौत हो गई। 7 फरवरी को मायके वालों को इसकी जानकारी मिली, जब तक शव का पंचनामा कर अंतिम संस्कार भी करा दिया गया था।
पीड़िता ने दावा किया कि उसके द्वारा दिए गए लाखों के जेवर, बुलेट बाइक और अन्य सामान भी ससुराल वालों ने हड़प लिया है। पति की मौत के बाद उसे जबरन घर से निकाल दिया गया। ससुर, सास और देवर अब उसके बनाए हुए नए मकान में रह रहे हैं और उसे वहां घुसने तक नहीं दे रहे।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष की ईर्ष्या का कारण यह था कि पति ने अलग होकर अपना कारोबार शुरू किया और ससुराल वालों की मदद नहीं लेता था।
अब सकीना बानो ने पुलिस अधीक्षक कौशांबी से गुहार लगाई है कि पति की मौत की दोबारा जांच की जाए, पोस्टमार्टम कराया जाए और ससुरालियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हो। साथ ही, उसकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कर उसे अपने पति के घर में रहने का अधिकार दिलाया जाए।
