दबंगों पर दलित महिला की जमीन पर कब्जे, जाति सूचक गालियां और जान से मारने की धमकी के आरोप, करारी थाना के सनई गांव का मामला
शहजादे हिस्ट्रीशीटर बदमाश पर नहीं हो रही कार्यवाही, उसकी बेटी हिना वकील बन देती है धमकी ,दर्जनों गुंडो को बुलाकर पिटवाया
कौशाम्बी। करारी थाना क्षेत्र के सनई गांव में जमीन विवाद को लेकर एक दलित परिवार के साथ हुई मारपीट, जाति सूचक गालियां और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़िता छुटकी देवी ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर शहजादे, उसकी बेटियां हिना और सकीना सहित अन्य परिजनों ने उसकी आराजी नंबर 73/2 पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया।
पीड़िता के अनुसार, दबंग पक्ष ने पहले उसकी जमीन पर मकान बनाकर कब्जा किया और अब बची हुई खाली जमीन पर निर्माण की कोशिश कर रहे हैं। 5 अगस्त 2025 की सुबह करीब 8 बजे जब पीड़िता और उसके परिजनों ने इस पर आपत्ति जताई तो आरोपियों ने उन्हें गालियां दीं और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए मारपीट की। घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पुलिस को दी गई।
छुटकी देवी ने बताया कि मामले में थाना करारी पुलिस ने दोनों पक्षों का पाबंद कर चालान कर दिया। 6 अगस्त को जब पीड़ित पक्ष जमानत करवाने के लिए मंझनपुर तहसील परिषद गया, तो वहां भी आरोपियों ने हमला किया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी हिना ने वकील के भेष में दर्जनों गुंडों को बुलवाया और उनके बेटों व परिजनों को बेरहमी से पीटा। इस दौरान भी जाति सूचक अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया और झूठे मुकदमों में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि शहजादे बाहरी बदमाशों को गांव में बुलाता है, खुलेआम घूमता है और दावा करता है कि थाना पुलिस व कोर्ट उसके प्रभाव में हैं। उसका कहना है कि आरोपी लगातार डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे परिवार की जान-माल को गंभीर खतरा है। पीड़िता का कहना है कि दबंग पक्ष गुंडों के दम पर उसकी जमीन पर कब्जा करना चाहता है और पुलिस की उदासीनता से उनका हौसला और बढ़ गया है।
छुटकी देवी ने उच्चाधिकारियों से आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कराने, जमीन कब्जे के प्रयास पर रोक लगाने और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई न हुई तो दबंग पक्ष कभी भी उनके परिवार की हत्या कर सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार, शहजादे का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है और वह क्षेत्र में कई विवादित मामलों में शामिल रहा है। फिलहाल, पीड़िता ने पूरे प्रकरण की लिखित शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
