अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस पर कौशाम्बी में श्रमिकों के अधिकारों को लेकर जागरूकता शिविर आयोजित

कौशाम्बी। अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कौशाम्बी के तत्वावधान में ग्राम कोडर, तहसील सिराथू में श्रमिकों के अधिकार विषय पर साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा प्रस्तावित एक्शन प्लान के अंतर्गत और जनपद न्यायाधीश श्री अनुपम कुमार के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जनपद न्यायाधीश व प्राधिकरण की सचिव पूर्णिमा प्रांजल ने की। संचालन चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल अमित कुमार मिश्रा द्वारा किया गया। उन्होंने श्रमिकों को उनके संवैधानिक और विधिक अधिकारों के साथ-साथ निःशुल्क कानूनी सहायता की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी से लेकर अंतिम निर्णय तक, जरूरतमंद श्रमिक कभी भी विधिक सहायता के लिए संपर्क कर सकते हैं।
पूर्णिमा प्रांजल ने न्यूनतम मजदूरी, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम और महिला श्रमिकों के अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सभी पीड़ितों के लिए सदैव उपलब्ध है।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार सिराथू अंकिता पाठक ने श्रमिकों को प्रशासनिक स्तर पर मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी और उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आगे आने को प्रेरित किया। कार्यक्रम में मौजूद श्रमिकों को ईंट भट्ठा संचालकों द्वारा जलपान कराकर सम्मानित किया गया और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में पीएलवी अर्चना पाल सहित बड़ी संख्या में श्रमिकों की उपस्थिति रही।