आगरा का छात्र ऋषिकेश में गंगा में डूबा:साथियों के साथ नदी में नहा रहा था, स्कूल भ्रमण में आए थे 32 स्टूडेंट
ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गंगा नदी में नहाते समय आगरा का 15 वर्षीय छात्र तेज बहाव में बह गया। छात्र स्कूल के 32 अन्य विद्यार्थियों और पांच शिक्षकों के साथ भ्रमण पर आया था। छात्र घाट पर अपने साथियों के साथ नहा रहा था। इसी दौरान तेज बहाव में वह बह गया। जिसके बाद साथ मौजूद छात्रों ने शोर मचाया। घटना के बाद जल पुलिस, स्थानीय लोगों और एसडीआरएफ ने उसकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। रेस्क्यू से जुड़ी PHOTOS… साथियों के साथ घाट पर नहा रहा था छात्र
कक्षा 10वीं का छात्र अंश (15) पुत्र राजकुमार शर्मा, निवासी रोहता, आगरा (उत्तर प्रदेश) गुरुवार को ऋषिकेश भ्रमण पर आया था। उनका दल लक्ष्मणझूला पुल के पास स्थित घाट पर पहुंचा। अंश अन्य छात्रों के साथ गंगा में स्नान करने लगा। तभी वह नदी के तेज बहाव में बह गया। जल पुलिस ने बचाने का किया प्रयास
अंश के बहने पर साथ मौजूद छात्रों ने शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर मौके पर मौजूद जल पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगा का बहाव तेज होने के कारण छात्र पानी में आगे बह गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला से रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और डीप डाइवर्स ने नदी में तलाश शुरू की। अंधेरा होने पर रोका गया सर्च ऑपरेशन
एसडीआरएफ की टीम ने काफी देर तक गंगा में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन छात्र का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने और रात में तलाशी अभियान जारी रखने में आ रही कठिनाइयों के चलते ऑपरेशन फिलहाल रोक दिया गया है। शुक्रवार को दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। मौके पर लक्ष्मणझूला पुलिस और जल पुलिस की टीमें भी मौजूद रहीं।
