यूपी में कोहरा, एक्सप्रेस-वे पर गाड़ियों की स्पीड लिमिट घटाई:बरेली सबसे ठंडा; ‘अकवान’ तूफान के असर से गलन और कोहरा बढ़ेगा
पहाड़ों पर बर्फबारी से यूपी में ठंड बढ़ गई है। सुबह-रात के वक्त भीषण कोहरा पड़ रहा है। विजिबिलिटी इतनी कम हो रही है कि सड़कों पर 10 मीटर दूर भी कुछ नहीं दिख रहा है। कोहरे के चलते एक्सप्रेस-वे पर गाड़ियों की स्पीड लिमिट कम कर दी गई है। आगरा-लखनऊ, पूर्वांचल, बुंदेलखंड, गोरखपुर लिंक और गंगा एक्सप्रेस-वे पर स्पीड लिमिट 50 से 80 kmph कर दी गई है। कारें 80, बसें 60 और ट्रक जैसे मालवाहक वाहन 50 kmph से ज्यादा रफ्तार से नहीं चल पाएंगे। बुधवार सुबह गोरखपुर, देवरिया, जौनपुर, मऊ और कुशीनगर समेत 15 शहरों में कोहरा छाया रहा। सड़कों पर सन्नाटा रहा। पिछले 24 घंटे की बात करें तो रात का पारा 10°C के करीब पहुंच गया है। 20 जिलों में तापमान 15°C से नीचे लुढ़क गया है। 11.1°C के साथ बरेली सबसे ठंडा शहर रहा। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी में बने ‘अकवान’ चक्रवात का असर अब दक्षिण से उत्तर की ओर बढ़ रहा है। इस वजह से 24 घंटों के बाद बादलों की आवाजाही के साथ-साथ गलन और कोहरा बढ़ेगा।
