यूपी की बड़ी खबरें:मेरठ में ट्रक ने 4 को रौंदा, क्लर्क समेत 3 की मौत; तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे
मेरठ-करनाल हाईवे पर रविवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे 4 लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में इंटर कॉलजे के क्लर्क समते 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चौथा व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे। एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर से गांव में मातम पसर गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसा रात 10:30 बजे सरधना थाना क्षेत्र में दबथुआ गांव के पास हुआ। पढ़िए पूरी खबर… कोलकाता जाने निकले ट्रक चालक का पत्थरों पर मिला शव: सिर पर चोट के निशान; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर रविवार देर रात 55 साल के ट्रक चालक विजय सिंह का शव मिला। केएमडी अस्पताल के पास बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान के बाहर पत्थरों पर उनका शव पड़ा था। सिर में गहरी चोट थी और शरीर खून से लथपथ था। पुलिस के मुताबिक, घर से माल लेकर कोलकाता जाने की बात कहकर घर से निकले थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने ट्रक के परिचालक शेरा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। घटना ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र की है। पढ़िए पूरी खबर… आजमगढ़ में ठगी करने वाला मुठभेड़ में गिरफ्तार: सरकारी योजनाओं का झांसा देकर जाल में फंसाता था, 9 केस दर्ज आजमगढ़ में सरकारी योजनाओं और आवास दिलाने के नाम पर महिलाओं से ठगी करने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ। पुलिस की जवाबी फायरिंग में साहब राम (43) के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ कप्तानगंज थाना क्षेत्र में हुई। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बेला कलेशपुर उर्फ किशुनपुर निवासी साहब राम के पास से तमंचा, कारतूस, सोने के आभूषण, 1,350 रुपए और मोबाइल बरामद हुआ है। उसके खिलाफ आजमगढ़ और गाजीपुर में ठगी समेत नौ मुकदमे दर्ज हैं। उसकी बहन नीरज उर्फ गुड्डी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पढ़िए पूरी खबर… वाराणसी-पश्चिम बंगाल ने जीती दिव्यांग T20 सेवा संकल्प ट्रॉफी: यूपी को 8 विकेट से हराया, ओमवीर को मैन ऑफ द सीरीज वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में रविवार को दिव्यांग टी-20 सेवा संकल्प ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला खेला गया। इसमें पश्चिम बंगाल की टीम ने उत्तर प्रदेश को 8 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। प्रधानमंत्री के 25 साल के राजनीतिक करियर के अवसर पर सेवा संकल्प माह के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मनसुख मांडविया ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.5 ओवर में 112 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में पश्चिम बंगाल ने 11.2 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। पश्चिम बंगाल के महेश साव को मैन ऑफ द मैच और यूपी के ओमवीर को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। पढ़िए पूरी खबर… मेरठ में बीड़ी जलाने पर भिड़े अरुणाचल-सिक्किम के छात्र: एक-दूसरे पर बीयर की बोतलें फेंकीं, ईंट-पत्थर चलाए; 6 लोग घायल
मेरठ में शनिवार देर रात छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई। विवाद बीड़ी जलाने को लेकर शुरू हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों में शराब और बीयर की बोतलें फेंकी गईं। ईंट-पत्थर भी चले। झगड़े में अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और पश्चिमी यूपी के छात्र शामिल थे। घटना में दोनों पक्षों के 6 से अधिक छात्र घायल हुए हैं। सभी को मेडिकल के लिए भेजा गया। अरुणाचल प्रदेश के रिटायर्ड डीजीपी रोविन हिब्रू की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। परतापुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चार छात्रों को हिरासत में लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना परतापुर थाना क्षेत्र के सुशांत सिटी की है। पढ़िए पूरी खबर…
