लखनऊ में बाढ़, कॉलोनियों में गर्दन तक पानी भरा:नोएडा-गाजियाबाद में बारिश; गोंडा में सांप पकड़ने वाले के पैर से लिपटा अजगर
यूपी में बाढ़ मुसीबत बनी हुई है। लखनऊ लगातार 15वें दिन भी बाढ़ की चपेट में है। कॉलोनियों में गर्दन तक पानी भरा हुआ है। 40 हजार से ज्यादा घर अब भी जलमग्न हैं। 3 लाख से अधिक की आबादी प्रभावित है। चंद्रिका देवी मंदिर परिसर में भी घुटनों तक पानी भरा है। उन्नाव में गंगा नदी उफान पर है। गली-मोहल्लों में नाव चल रही है। गोंडा में घाघरा की बाढ़ से 10 गांव प्रभावित हैं। वहीं, राजगढ़ अमीनपुर गांव में शनिवार शाम एक सांप पकड़ने वाले शख्स के पैर में अजगर लिपट गया। आधे घंटे की मशक्कत के बाद उसने खुद को छुड़ाया। इधर, सोमवार सुबह से नोएडा, गाजियाबाद, बरेली और अलीगढ़ समेत 5 शहरों में गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के 15 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। ओले गिरने की भी आशंका जताई है। इससे पहले रविवार को मेरठ और शामली में ओले गिरे। बिजनौर में आंधी से कई जगह पेड़ उखड़ गए।
