यूपी में पहलवान की पीट-पीटकर हत्या:बाइक रोक कर आंखों में लाल मिर्च झोंकी, गिरते ही लाठी-डंडे बरसाने लगे
संतकबीर नगर में मंगलवार शाम 35 साल के पहलवान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वह बाइक लेकर घर से निकले ही थे। तभी घर से 100 मीटर दूर ही हमलावरों ने उनकी आंख में मिर्च पाउडर झोंक दी। पहलवान जैसे ही बाइक से गिरे, हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पहलवान के परिवार वाले मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग निकले। परिवार के लोग घायल बेटे को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत बता दिया। घटना शाम 5.30 बजे जिला मुख्यालय से 10 किमी दूर खलीलाबाद के भगठान गोसाईपुर गांव की है। घटना से जुड़ी 3 तस्वीरें… बाजार से सामान लेकर लौट रहे थे ब्रह्मानंद भगठान गोसाईपुर गांव के रहने वाले ब्रह्मानंद (35) पुत्र दयाराम पहलवानी करते थे। परिवारवालों के मुताबिक, ब्रह्मानंद मंगलवार शाम बाइक से गिठनी चोकर लेने जा रहे थे। घर से 100 मीटर दूर ही पहुंचे थे तभी गांव के 8-10 लोगों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने बहस के दौरान उनकी आंख में मिर्च पाउडर झोंक दिया, जिससे वह बाइक से गिर पड़े। ब्रह्मानंद के नीचे गिरते ही आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। वह बुरी तरह घायल हो गए। गांव वालों से मिली सूचना पर परिवार वाले दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। ब्रह्मानंद को इलाज के लिए सीएचसी खलीलाबाद ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया। जहां ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। जिला केसरी भी रह चुके थे पहलवान ब्रह्मानंद ब्रह्मानंद की मौत के बाद परिवार और गांववाले शव लेकर खलीलाबाद बाईपास पहुंचे। सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। घटना की सूचना पर एएसपी सुशील कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अफसरों से मिले भरोसे के बाद परिवार वाले किसी तरह माने। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पहलवान ब्रह्मानंद 2018-19 में संतकबीर नगर से जिला केसरी (जिले में नंबर वन पहलवान) रह चुके थे। वह चार भाइयों में सबसे छोटे थे। बड़े भाई रमाकांत यादव ग्राम प्रधान, जबकि दो भाई श्रीकांत और रामानंद किसानी करते हैं। ब्रह्मानंद की शादी 2017 में पूजा से हुई थी। उनके बच्चों में बेटी जागृति (4) और बेटा अंश (6) हैं। भाई बोले- पुलिस सुन लेती तो ब्रह्मानंद जिंदा होता भाई रामानंद यादव ने बताया कि आरोपियों ने उनके भाई के पैर में गोली मारी, ताकि वह भाग न पाएं। जब वह अपने भाई को उठाने के लिए मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी घेर लिया। पुलिस के पहुंचने के बाद वह मौके से निकल सके। 18 मई को भी हमलावरों ने रंजिश के चलते मारपीट की थी। दोनों तरफ से क्रॉस केस दर्ज हुआ था। रामानंद ने कहा- हम लोगों ने मगहर पुलिस चौकी पर सूचना भी दी थी कि आरोपी घात लगाकर बैठे रहते हैं। लेकिन पुलिस ने शिकायत पर ध्यान ही नहीं दिया। आज मेरे भाई ब्रह्मानंद की हत्या कर दी गई। हम लोगों की मांग है कि आरोपियों का एनकाउंटर हो। उनके घरों पर बुलडोजर भी चलना चाहिए। एसपी संदीप मीना ने बताया- दोनों पक्षों के बीच प्रधानी और पट्टीदारी को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 3 टीमें लगाई गई हैं। ————————– ये खबर भी पढ़ें- पिता ने बेटे को पीट-पीटकर मार डाला:औरैया में बहन बोली- पापा ने मोटे डंडे से आधे घंटे तक मारा, शरीर नीला पड़ गया औरैया में एक युवक ने अपने 15 साल के बेटे की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पिता को शक था कि बेटे ने उसकी जेब से 900 रुपए चुरा लिए हैं। इसी बात से नाराज होकर पिता ने बेटे पर जमकर लाठी बरसाई। बेटे की मौत के बाद उसने खुद भी चूहा मार दवा खा ली। पुलिस ने पिता को रात में ही गांव के खेत से पकड़ लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया था कि मैंने चूहा मारने वाली दवा खा ली है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर है। पूरी खबर पढ़ें…
