‘मुझे मत पकड़ो’ कहकर तीसरी मंजिल से कूदा युवक:लखनऊ में तड़पते हुए बोला- पानी पिला दो, पड़ोसी ने कहा- जहर देंगे; 2 मिनट बाद मौत
लखनऊ में मानसिक रूप से परेशान एक युवक ने तीसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। घटना सोमवार सुबह करीब 7 बजे की है। युवक अचानक एक घर में घुस गया और सीढ़ियों से छत पर पहुंच गया। घरवालों को इसकी जानकारी हुई तो वे उसे रोकने के लिए पीछे-पीछे छत पर पहुंच गए। युवक को लगा कि लोग उसे चोर समझकर पकड़कर पीटेंगे। उसने कहा- मुझे मत पकड़ो, नहीं तो मैं कूद जाऊंगा। लोगों ने उसे काफी समझाया, लेकिन वह नहीं माना और छत से छलांग लगा दी। नीचे गिरते ही वह घायल होकर तड़पने लगा। दर्द से कराहते हुए बार-बार कहता रहा, “मुझे पानी दे दो…।” इस पर एक महिला ने कहा, “पानी नहीं, तुम्हें जहर देंगे। हमारे घर में क्यों घुसे थे?” आसपास के लोग उसे रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला राजाजीपुरम क्षेत्र का है। 2 तस्वीरें देखिए- ऑटो पार्ट्स की दुकान पर सेल्समैन था सेक्टर-6 की सपना कॉलोनी में इंद्र बहादुर श्रीवास्तव रहते हैं। उन्होंने बताया कि मैं डेयरी पर नौकरी करता हूं। मेरा बेटा मनीष (31) लालबाग में एक ऑटो पार्ट्स की दुकान पर सेल्समैन था। वह बहुत शराब पीता था। एक महीने से काम पर भी नहीं जा रहा था। इससे नाराज होकर उसकी पत्नी 20 दिन पहले उसे छोड़कर चली गई। बहू के जाने के बाद से वह डिप्रेशन में आ गया था। आज सुबह 6 बजे वह घर से निकला था। हम लोगों ने उसके रोकने की कोशिश की,लेकिन वह नहीं माना। मनीष पैदल 1 किमी दूर ई-ब्लॉक पहुंच गया। काफी देर तक मोहल्ले में टहलता रहा। एक घर में घुसा, छत होते हुए 2-3 घर क्रॉस किए कुछ देर बाद केपी सिंह के मकान (ई-1287) का दरवाजा खुला मिला तो वहीं घुस गया। केपी की बहू नीतू सिंह ने बताया कि उनकी जेठानी ने मनीष को छत पर जाते देखा तो वह चीख पड़ीं। उन्होंने जब रोकने की कोशिश की तो मनीष ने उन्हें चुप करा दिया और तीसरी मंजिल की छत पर चला गया। परिवार ने जब समझाया तो मनीष आक्रामक हो गया। छत के रास्ते मकान संख्या ई-1291 की छत पर पहुंच गया। लोगों की नजर पड़ने पर शोर मचा तो वह घर की रेलिंग पर जाकर खड़ा हो गया। यह देख वहां अफरा-तफरी मच गई। नीचे खड़े लोगों ने उसे काफी समझाया। लेकिन, वह नहीं माना और ऊपर से छलांग लगा दी। लोगों ने करीब एक मिनट तक समझाया तालकटोरा थाना प्रभारी कुलदीप दुबे ने बताया- मौके पर मौजूद लोगों का बनाया गया वीडियो मिला है। वीडियो में युवक करीब एक मिनट तक तीसरी मंजिल की रेलिंग पर खड़ा दिखाई दे रहा है। लोग उसे समझाते नजर आ रहे हैं, इसके बावजूद उसने नीचे छलांग लगा दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जांच जारी है। ———————- ये खबर भी पढ़िए- डॉग लिफ्ट में ले जाने पर हंगामा, टीचर को पीटा : गाजियाबाद में महिला ने बाल नोचे, डंडे-थप्पड़ मारे; गार्ड ने बचाकर फ्लैट तक पहुंचाया गाजियाबाद की विंडसर पैराडाइज सोसाइटी में डॉग को लिफ्ट में ले जाने को लेकर दो महिलाओं के बीच मारपीट हो गई। आरोप है कि डॉग के साथ मौजूद महिला ने स्कूल टीचर को लिफ्ट में आने से रोका। विरोध करने पर उसने टीचर के बाल खींचे, डंडे से पीटा और कई थप्पड़ मारे। सोसाइटी के गार्ड ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन विवाद नहीं थमा। बाद में वह खुद टीचर को लिफ्ट से फ्लैट तक लेकर गया। घटना शनिवार की है, जिसका CCTV फुटेज रविवार को सामने आया। पीड़ित महिला टीचर ने नंदग्राम थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (पूरी खबर पढ़िए)
