यूपी में स्कूल नदी में समाया, 100 बीघा फसल बर्बाद:बारिश से नदियां उफान पर, मेडिकल कॉलेज में घुसा पानी; 25 शहरों में अलर्ट
पहाड़ों पर भारी बारिश से यूपी में नदियां उफान पर हैं। गंगा, यमुना समेत 10 नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इनमें घाघरा-शारदा समेत 4 नदियां खतरे के निशान को पार कर चुकी हैं। बलिया में एक सरकारी स्कूल और मकान सरयू नदी में समा गया। गोंडा में 100 बीघा से ज्यादा फसल घाघरा के पानी में डूब गई। लोग नदी किनारे बने अपने कच्चे मकानों को तोड़कर बांस-बल्लियां, ईंट समेट रहे हैं। सरयू और घाघरा में उफान की वजह से सीतापुर, पीलीभीत, लखीमपुर और बहराइच के गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। पानी के साथ बहकर आ रहे मगरमच्छ लोगों के घरों में घुस रहे हैं। रविवार सुबह से लखनऊ, बाराबंकी, आगरा समेत ज्यादातर शहरों में मौसम साफ है। धूप के बीच में बादलों की आवाजाही जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने आज 25 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वाराणसी-प्रयागराज समेत 8 जिलों में बिजली गिरने की आशंका है। इससे पहले, शनिवार को वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, मेरठ समेत 20 शहरों में बारिश हुई। कानपुर में गलियां तालाब बन गईं। मेरठ में मेडिकल कॉजेल में पानी भर गया। OPD के गेट पर घुटनों तक पानी में मरीज चलते दिखाई दिए। ग्रेटर नोएडा में गड्ढे में डूबकर 6 साल के बच्चे की मौत हो गई। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- हवाओं के राजस्थान और मध्य भारत की तरफ खिसकने से यूपी में बारिश की गतिविधियां थम गई थीं। अब बंगाल की खाड़ी और बांग्लादेश के पास हवा के कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके असर से मानसूनी हवाएं यूपी की तरफ लौटेंगी। आज मानसून की सुस्ती बनी रहेगी। सीमित इलाकों में हल्की बारिश होगी। 27 जुलाई से बारिश का दायरा बढ़ेगा। मानसूनी गतिविधियां तेज हो जाएंगी। बारिश और बाढ़ की 3 तस्वीरें- प्रदेश में आज कहां-कहां बारिश के आसार, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
