‘नीति तारा’ टूलकिट से विकास योजनाओं की होगी रियल टाइम मॉनिटरिंग, अधिकारियों को मिला प्रशिक्षण
सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी बोले— डिजिटल प्लेटफॉर्म से बढ़ेगी पारदर्शिता, योजनाओं की प्रगति पर रहेगी ऑनलाइन नजर
कौशांबी। नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा विकसित ‘नीति तारा’ (NITI TARA) टूलकिट के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शुक्रवार को सरस हॉल में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी की अध्यक्षता में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को टूलकिट के संचालन, उपयोगिता और प्रमुख फीचर्स की विस्तृत जानकारी दी गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि ‘नीति तारा’ एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से सभी विभाग अपनी विकास योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड करेंगे। अधिकृत आईडी एवं पासवर्ड के जरिए संबंधित विभाग अन्य विभागों की प्रगति रिपोर्ट भी देख सकेंगे, जिससे विभागों के बीच बेहतर समन्वय और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित होगी।
उन्होंने कहा कि इस डिजिटल टूलकिट के माध्यम से विकास योजनाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग, डेटा आधारित समीक्षा और समयबद्ध निर्णय लेने में आसानी होगी। इससे कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी विभागीय प्रगति रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करें, ताकि आकांक्षी ब्लॉक कौशांबी एवं मंझनपुर में संचालित विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रेजेंटेशन के माध्यम से ‘नीति तारा’ टूलकिट की कार्यप्रणाली, विभिन्न मॉड्यूल और उपयोगिता की जानकारी दी गई। साथ ही अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
इस अवसर पर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी रमाशंकर, परियोजना निदेशक, उपायुक्त मनरेगा, विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी तथा आकांक्षी ब्लॉक कौशांबी एवं मंझनपुर के सीएम फेलो सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
