शहजादपुर में दरगाह पर तोड़फोड़ का आरोप, इलाके में तनाव के बाद भारी पुलिस बल तैनात
कौशाम्बी। कोखराज थाना क्षेत्र के शहजादपुर उपरहार गांव में स्थित एक दरगाह पर कथित तोड़फोड़ की घटना सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रण में लिया।
दरगाह से जुड़े लोगों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग बाइक से मौके पर पहुंचे और मजार को नुकसान पहुंचाया। विरोध करने पर एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं ने कुछ लोगों को एक संगठन से जुड़ा बताया है। हालांकि पुलिस द्वारा आरोपों की जांच की जा रही है और अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम और सीओ सिराथू सतेंद्र तिवारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की मौजूदगी में क्षतिग्रस्त हिस्से को ठीक कराने का कार्य कराया जा रहा है। गांव में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सीओ सिराथू सतेंद्र तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था कायम है। पूरे मामले की जांच की जा रही है, जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
अमरनाथ झा पत्रकार – 9415254415
