प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को पीट-पीटकर मार डाला:प्रेमिका भी गंभीर घायल, कौशांबी में देर रात रिश्तेदार के घर रुका था
यूपी के कौशांबी में शुक्रवार सुबह 6 बजे प्रेम-प्रसंग के चलते 19 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक देर रात अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। आरोप है कि इसकी भनक लगते ही युवती के परिजनों ने दोनों की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि प्रेमिका गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। घटना जिला मुख्यालय से करीब 3 किलोमीटर दूर मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के महुआ खाड़ा गांव की है। पूरा मामला जानिए- देर रात प्रेमिका से मिलने पहुंचा था युवक पुलिस के मुताबिक मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले 19 वर्षीय शिव प्रसाद का पास के महुआ खाड़ा गांव निवासी एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। गुरुवार देर रात वह अपने एक दूर के रिश्तेदार के यहां गया था। वहीं से लौटते समय वह प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि दोनों घर में मौजूद थे, तभी युवती के परिजनों को इसकी जानकारी हो गई। इसके बाद घर में विवाद शुरू हो गया और मामला देखते ही देखते हिंसक हो गया। प्रेमिका के परिजनों पर पीटने का आरोप प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती के परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया और लाठी-डंडों व अन्य वस्तुओं से बेरहमी से पीटा। हमले में शिव प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। युवती को भी गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल शिव प्रसाद को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सुबह पुलिस को मिली हत्या की सूचना शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे मृतक के बड़े भाई गुरु प्रसाद ने मंझनपुर कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। प्रेम-प्रसंग बना हत्या की वजह पुलिस की शुरुआती जांच में प्रेम-प्रसंग को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि युवक और युवती के बीच लंबे समय से संबंध थे। देर रात युवक के घर पहुंचने के बाद विवाद हुआ, जिसके बाद मारपीट की घटना सामने आई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और हमला किन परिस्थितियों में किया गया। सीओ बोले- सभी पहलुओं की जांच जारी सीओ सदर शिवांक सिंह ने बताया- प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। जांच में पता चला है कि मृतक शिव प्रसाद का राकेश राजपूत की बेटी से प्रेम-प्रसंग था। देर रात युवक के वहां पहुंचने पर विवाद हुआ, जिसमें उसके साथ मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि युवती भी घायल है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। ——————————– ये खबर भी पढ़िए- आजमगढ़ में दादा और पोते की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या:टयूबवेल पर सोने गए थे, सुबह परिजन जगाने पहुंचे तो पता चला आजमगढ़ में गुरुवार रात करीब 2 बजे दादा और पोते की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। घटना के समय वे दोनों ट्यूबवेल के पास सोने गए थे। इसी दौरान वारदात हुई। सुबह जब वे देर तक घर नहीं लौटे तो परिजन को गड़बड़ी का अंदेशा हुआ। वे जगाने पहुंचे। उन्होंने देखा तो दोनों के शव लहूलुहान हालत में पड़े थे। दादा का शव ट्यूबवेल से 300 मीटर दूर पाया गया। जबकि पोते का शव ट्यूबवेल के पास ही था। वहां से 200 मीटर दूर पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी मिली। पूरी खबर पढ़ें…
