कोखराज में चोरों के हौसले बुलंद, ताला तोड़कर 8 बकरियां और 2 भैंस चोरी
कौशाम्बी के कोखराज थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला कोखराज गांव से सामने आया है, जहां देर रात अज्ञात चोर एक पशुपालक के घर का गेट का ताला तोड़कर 8 बकरियां और 2 भैंस चोरी कर फरार हो गए।
चोरी की पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन अब तक कई मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से लोगों में नाराजगी है।
लगातार हो रही घटनाओं से पशुपालकों में अपने पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर पशुओं की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।
