झांसी में प्रॉपर्टी के लिए मामा को जिंदा जलाया:दो दिन पहले कहा था- अपने घर जाओ, नहीं तो मार दूंगा; CCTV से खुली पोल
झांसी में 69 साल के मामा की हत्या उसके सगे भांजे ने की थी। शनिवार रात 11 बजे पुलिस ने आरोपी भांजे और उसके साले को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने अपना जुर्म कबूल भी कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मामा नेपाल सिंह तोमर 28 जून की रात घर के बाहर सोए थे। तभी आरोपी भांजा प्रीतम सिंह (40) अपने साले राजा सिंह उर्फ गोलू (32) के साथ कार से आया। मामा को चादर समेत कार में भरा। 30 किलोमीटर दूर मध्य प्रदेश में छतरपुर जिले के करारागंज गांव के जंगल में पहुंचा। रास्ते में गला दबाने की कोशिश की। पत्थर से सिर कूच दिया। फिर भी मामा की सांसें नहीं रुकीं तो पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। 4 दिन बाद जंगल से गुजर रहे लोगों ने जला हुआ शव देखा। पुलिस को सूचना दी। शव की पहचान के बाद पुलिस ने 4 जुलाई को सुबह 11 बजे हत्या का केस दर्ज किया। CCTV खंगालने शुरू किए तो आरोपियों की पहचान हुई। मुखबिर की सूचना पर देर रात आरोपियों को पकड़ा। वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की। पूछताछ में आरोपी ने बताया- मामा हमारे घर पर ही रहते थे। पूरी प्रॉपर्टी मेरे और मां के नाम कर चुके थे। मैं अपनी जमीनें बेच चुका था। अब मां की प्रॉपर्टी बेचना चाहता था। मामा इसके खिलाफ था। इसलिए उसे मार डाला। उसने यह भी बताया कि 2 दिन पहले ही उसे मामा को धमकाया था कि अपने घर चले जाओ, वरना जान से मार दूंगा। मामला लहचूरा थाना क्षेत्र का है। 2 तस्वीरें- अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझ लीजिए… साले के साथ मिलकर प्लान बनाया
28 जून को उसने टोड़ीफतेहपुर के मवई गांव निवासी चचेरे साले राजा सिंह के साथ पूरा प्लान बनाया। अपने एक दोस्त अनुज को इसमें शामिल किया। फिर देर रात वारदात को अंजाम दिया। जंगल में लाश मिली, परिजनों ने पहचान की
परिजनों ने बताया कि 29 जून की सुबह घरवाले नींद से जगे तो नेपाल अपने बिस्तर पर नहीं था। तलाश करने पर भी कोई सुराग नहीं लगा। फिर बड़े भाई वीर सिंह को कॉल किया। वीर सिंह बहन के घर पहुंचे तो उन्होंने प्रीतम की धमकी वाली बात बताई। इसके बाद वीर सिंह ने लहचूरा थाने में जाकर गुमशुदगी लिखा दी। इस बीच 2 जुलाई को मध्य प्रदेश पुलिस को जंगल में शव मिला। उन्होंने शव को मोर्चरी में रखवाया था। गुमशुदगी की जांच के लिए यूपी पुलिस ने बॉर्डर एरिया की एमपी पुलिस से संपर्क किया तो लाश की बात पता चली। पुलिस परिजनों को लेकर मोर्चरी पहुंची तो आधा जल चुके चादर और लाश से पहचान हुई। इसके बाद 3 जुलाई को वीर सिंह दोबारा थाने पहुंचे। भांजे प्रीतम पर नेपाल की हत्या कर शव को जलाने का आरोप लगाया। 4 जुलाई को देर रात पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया। ——————— ये खबर भी पढ़ें- आगरा में पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया, मिस्त्री बुलाकर टाइल्स लगवा दीं, 45 दिन तक लोगों से कहती रही पति लापता है आगरा में एक महिला ने अपने पति की हत्या की, फिर उसकी लाश घर के बाथरूम में ही दफना दी। किसी को इस बात का पता न चले, इसके लिए बाथरूम में लाश के ऊपर टाइल्स लगवा दीं। 45 दिन तक लोगों से कहती रही कि पति लापता है। शुक्रवार को जब पुलिस वेरिफिकेशन करने पहुंची, तो महिला घबरा गई और पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया। पढ़ें पूरी खबर…
