यूपी के 20 शहरों में आंधी-बारिश, 75 में अलर्ट:पेड़-बिजली गिरने से 7 की मौत; 24 घंटे में मानसून की एंट्री होगी

0
यूपी के 20 शहरों में आंधी-बारिश, 75 में अलर्ट:पेड़-बिजली गिरने से 7 की मौत; 24 घंटे में मानसून की एंट्री होगी

यूपी में मानसून की एंट्री के लिए मौसमी सिस्टम सक्रिय हो गया है। मंगलवार सुबह प्रदेश के 20 शहरों में तेज हवा के साथ रुक-रुक कर बारिश हो रही है। कानपुर नगर, अयोध्या, गोरखपुर, बरेली, देवरिया, सीतापुर, बहराइच, पीलीभीत, गोंडा, रायबरेली, ललितपुर, चित्रकूट, फर्रुखाबाद, जौनपुर, कानपुर देहात, उन्नाव, रामपुर और मुरादाबाद में बारिश हुई। देवरिया, जौनपुर में इतनी बारिश हुई कि खेतों में पानी भर गया। गोरखपुर में तेज हवा में पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गए। रायबरेली में आंधी-बारिश के साथ बिजली भी चमकी। इसके अलावा, बाकी शहरों में बादल छाए हैं। गर्मी से काफी राहत है। बीच-बीच में हल्की धूप निकल रही है। आज सभी 75 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। 38 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं बिजली भी गिर सकती है। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि आज से लू का असर खत्म हो जाएगा। अगले 24 घंटे में मानसून कभी भी यूपी में प्रवेश कर सकता है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो आगरा सबसे गर्म रहा। तापमान 42.9°C रिकॉर्ड किया गया। लखनऊ, समेत 15 शहरों में बारिश हुई। फिरोजाबाद में तेज आंधी चली। ई-रिक्शा पर पेड़ गिर गया। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। तीन घायल हो गए। बस्ती और महराजगंज में बिजली गिरने से एक महिला और 9 साल के बच्चे की मौत हो गई। गोरखपुर में बारिश की तस्वीरें देखिए- 10 दिन देर से दस्तक देगा मानसून मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 19 दिन से यूपी-बिहार बॉर्डर पर अटका है। आज यह आगे बढ़ सकता है। मानसून की एंट्री के बाद सबसे पहले कुशीनगर, महराजगंज और सिद्धार्थनगर समेत तराई इलाकों में तूफानी बारिश होगी। मानसून आमतौर पर 20 जून तक यूपी आ जाता है, लेकिन इस बार यह करीब 10 दिन की देरी से आगे बढ़ रहा है। लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसून फिलहाल बिहार के मोतिहारी से होते हुए आगे बढ़ रहा है। यूपी के कुछ पूर्वी और तराई वाले इलाकों में प्री-मानसून की गतिविधियां और हल्की बारिश शुरू हो चुकी है। कल या फिर 1 जुलाई से 5 जुलाई के बीच पूर्वी और पश्चिमी यूपी में झमाझम बारिश का दौर देखने को मिलेगा। तापमान में 10 डिग्री तक की गिरावट आएगी। आपके शहर में मौसम कैसा है, मानसून कब तक आ सकता है? अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें