क्षमता से अधिक अवैध बालू भंडारण का आरोप, मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग
कौशाम्बी
सरायअकिल थाना क्षेत्र के ग्राम चक पिनहा निवासी अली अहमद उर्फ राजू ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर कटैया स्थित बालू भंडारण केंद्र में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, कौशरी बेगम के नाम स्वीकृत बालू भंडारण क्षमता 60 हजार घन मीटर है, जबकि मौके पर लगभग 1.40 लाख घन मीटर बालू का भंडारण किए जाने का आरोप है। मामले में खनन अधिकारी, एसडीएम चायल एवं जिलाधिकारी को भी शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का आरोप है कि आबादी के निकट बालू भंडारण किए जाने से सड़क पर बालू फैलती है, धूल प्रदूषण बढ़ रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। साथ ही ओवरलोड वाहनों से लगातार बालू लाकर भंडारण किए जाने की भी शिकायत की गई है।
शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री से पूरे भंडारण स्थल की नाप-जोख कराकर जांच कराने, क्षमता से अधिक भंडारण पाए जाने पर स्थल को सीज करने तथा जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और लोगों की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
