तालाब में डूबने से दो चचेरी बहनों की मौत, गांव में पसरा मातम
कौशांबी। मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के शरीफपुर माखूपुर गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में तालाब में नहाने गई दो चचेरी बहनों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों बालिकाएं गांव के पास स्थित तालाब में नहाने गई थीं। नहाते समय वे गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर ग्रामीणों और स्थानीय प्रशासन की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
काफी मशक्कत के बाद दोनों बालिकाओं को तालाब से बाहर निकाला गया। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर नायब तहसीलदार मोबिन अहमद जिला अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि शासन स्तर से मिलने वाली आर्थिक सहायता जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
