2047 तक देश-प्रदेश में भाजपा की सरकार रहेगी, 2027 में 300 पार का लक्ष्य: केशव प्रसाद मौर्य

0
कौशांबी दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

कौशांबी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कौशांबी दौरे के दौरान भाजपा के भविष्य, प्रदेश की राजनीति और विकास को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के साथ देश एवं प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी रहेगी।

केशव प्रसाद मौर्य ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

सयारा स्थित मां शीतला अतिथि गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास आज भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर कायम है और यही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने की अपील

उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान का भी प्रतीक है। उन्होंने लोगों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

12 जून को नया इतिहास रचेंगे प्रधानमंत्री मोदी

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 12 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में नया इतिहास रचने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता का भरोसा प्रधानमंत्री की नीतियों और नेतृत्व पर लगातार बना हुआ है।

राहुल गांधी और विपक्ष पर साधा निशाना

पश्चिम बंगाल में भाजपा को मिले जनसमर्थन का जिक्र करते हुए उन्होंने वहां की जनता का आभार व्यक्त किया। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आर्थिक संकट संबंधी बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और नेतृत्व पर भरोसा करती है।

2027 में भाजपा 300 पार करेगी: केशव मौर्य

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2027 में भाजपा 300 से अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में दोबारा सरकार बनाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कौशांबी जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा विजय हासिल करेगी।

कौशांबी के विकास पर भी बोले उपमुख्यमंत्री

कौशांबी के विकास कार्यों पर बोलते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जिले का विकास भाजपा सरकार की प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि कुछ जनप्रतिनिधियों और विपक्षी राजनीति के कारण विकास कार्यों की गति प्रभावित हुई है, लेकिन सरकार जिले के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में जिले में विकास की नई परियोजनाएं धरातल पर दिखाई देंगी और जनता को उनका लाभ मिलेगा।

आज कौशांबी दौरे पर रहेंगे डिप्टी सीएम

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अपने गृह जनपद कौशांबी के दौरे पर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वह राजकीय महाविद्यालय सिराथू परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण करेंगे।

इसके बाद वह मां शीतला देवी अतिथि गृह, सयारा पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे। कार्यक्रम के दौरान उप निबंधक कार्यालय मंझनपुर एवं सिराथू का शिलान्यास भी करेंगे।

इसके अलावा डिप्टी सीएम ग्राम चौपाल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रमों के बाद वह प्रयागराज के लिए रवाना होंगे।

रिपोर्ट : अमरनाथ झा, कौशांबी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *