ऑटो में बैग काटकर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, नकदी व पायल बरामद
कौशाम्बी । करारी पुलिस ने ऑटो में सफर कर रहे यात्री के बैग से नकदी और जेवर चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के 2500 रुपये और चांदी की एक जोड़ी पायल बरामद की गई है। घटना में प्रयुक्त ऑटो को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 1 मई 2026 को वादी विजय हरि पुत्र हरिराम निवासी बिदांवां थाना व जनपद कौशाम्बी ने करारी थाने में तहरीर दी थी कि वह अपने परिवार के साथ कस्बा करारी से ऑटो बुक कर यात्रा कर रहे थे। रास्ते में अवाना आलमपुर रोड पर ऑटो चालक ने अपने चार साथियों को बुलाकर ऑटो में बैठा लिया। इसी दौरान आरोपियों ने बैग काटकर उसमें रखी नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए और अवाना आलमपुर में उतरकर फरार हो गए। मामले में थाना करारी पर मुकदमा संख्या 107/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से पूछताछ, सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद बुधवार को मुखबिर की सूचना पर आरोपी मोहम्मद तौसीफ पुत्र हयात अली निवासी ग्राम रानीपुर थाना सराय अकिल जनपद कौशाम्बी को अवाना नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था और चोरी के सामान को आपस में बांट लिया था। उसके हिस्से में 2500 रुपये और पायल आई थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है।
AMARNATH JHA KAUSHAMBI -9415254415
