तालाब और परती भूमि से अवैध कब्जा हटाया, प्रशासन की सख्त कार्रवाई

0
IMG-20260410-WA0002

कौशाम्बी। “मौके पर समाधान, जनता को राहत” अभियान के तहत मंझनपुर तहसील क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। उप जिलाधिकारी मंझनपुर एस.पी. वर्मा एवं अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अजेंद्र सिंह के नेतृत्व में ग्राम बरौला में विशेष कैम्प आयोजित कर मौके पर ही शिकायतों का निस्तारण किया गया।
कैम्प के दौरान राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की। ग्राम खेरवा मजरा बरौला निवासी हर्षित मिश्रा ने सम्पूर्ण समाधान दिवस एवं जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई थी कि गाटा संख्या 367 (तालाब भूमि) और गाटा संख्या 371 (नवीन परती भूमि) पर गांव के कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण कर लिया गया है।
शिकायत के आधार पर राजस्व टीम ने अभिलेखीय एवं स्थलीय जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जयनारायण मिश्रा, गब्बर सिंह और शिव कमल सिंह समेत अन्य लोगों द्वारा किए गए अस्थायी अतिक्रमण को मौके पर ही ध्वस्त करा दिया।
इसके साथ ही जिन स्थायी निर्माणों पर कब्जा किया गया है, उनके संबंध में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत तहसीलदार मंझनपुर के न्यायालय में मामला लंबित है। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि न्यायालय से आदेश मिलते ही ऐसे कब्जों पर भी बेदखली की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, बल्कि शिकायतकर्ता को भी राहत मिली। हर्षित मिश्रा ने मौके पर की गई कार्रवाई पर संतोष जताया।
स्थानीय स्तर पर की गई इस पहल को प्रशासन की सक्रियता और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के रूप में देखा जा रहा है।

Amarnath jha Kaushambi -9415254415

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *