प्रयागराज: बारा पावर प्लांट में सोलर लैब व सिलाई लैब का शुभारंभ, युवाओं और महिलाओं को मिलेगा लाभ
प्रयागराज । बारा तहसील स्थित प्रयागराज पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड (पीपीजीसीएल) परिसर में मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने रूफटॉप सोलर पीवी लैब का उद्घाटन किया। इस अवसर पर टाटा पावर के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। यह पहल स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
टाटा पावर स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट के तहत स्थापित इस सोलर लैब में युवाओं को सोलर पैनल इंस्टॉलेशन, विद्युत प्रणाली और रिन्यूएबल एनर्जी से जुड़े विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगारपरक कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी और हरित ऊर्जा के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
इसके साथ ही ‘अनोखा धागा’ पहल के तहत ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सिलाई मशीन लैब का भी शुभारंभ किया गया। इस लैब में 35 से अधिक आधुनिक सिलाई मशीनें लगाई गई हैं, जहां महिलाओं को सिलाई, परिधान और बैग निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद महिलाएं अपने उत्पाद बनाकर बाजार में बेच सकेंगी, जिससे उनकी आय बढ़ेगी और वे आत्मनिर्भर बनेंगी।
कार्यक्रम में डीएवी सरदार पटेल पब्लिक स्कूल, बारा के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। समापन पर पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ वृक्षारोपण भी किया गया।
इस मौके पर टाटा पावर के सीएचआरओ एवं चीफ सस्टेनेबिलिटी एंड सीएसआर हिमाल तिवारी, पीपीजीसीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक पांडा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि पीपीजीसीएल 3×660 मेगावाट क्षमता वाला कोयला आधारित सुपर क्रिटिकल तापीय विद्युत संयंत्र है, जो ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ सामाजिक विकास की विभिन्न गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
