चित्रकूट में पुलिस पर अवैध वसूली का आरोप, ₹90 हजार लेकर छोड़े ओवरलोड ट्रक
👉 कर्वी कोतवाली के SHO पर गंभीर आरोप, पेमेंट का स्क्रीनशॉट वायरल होने से मचा हड़कंप
चित्रकूट जनपद के कर्वी कोतवाली क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि कर्वी कोतवाली पुलिस ने दो ओवरलोड ट्रकों को पकड़ने के बाद कथित रूप से अवैध वसूली कर उन्हें छोड़ दिया।
मामले में सामने आए आरोपों के मुताबिक, ट्रक चालकों से सीधे पैसे लेने के बजाय एक अन्य व्यक्ति के अकाउंट में ₹90 हजार ट्रांसफर कराए गए। यह रकम “बच्चा कंप्यूटर एंड मोबाइल टेलीकॉम” नामक खाते में भेजी गई बताई जा रही है। इस लेन-देन का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।

वायरल स्क्रीनशॉट में स्पष्ट रूप से ₹90,000 की ऑनलाइन पेमेंट दिखाई दे रही है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि पुलिस द्वारा दबाव बनाकर रकम वसूली गई। इस मामले में कर्वी कोतवाली के SHO पर सीधे तौर पर आरोप लगाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों और ट्रक संचालकों में इस घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस ही इस तरह के आरोपों में घिर जाएगी तो आम जनता न्याय के लिए किस पर भरोसा करेगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करेगा बल्कि कानून व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा करेगा।
Amarnath jha Kaushambi – 9415254415
