प्रयागराज: कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया टैंक फटने से बड़ा हादसा, 15 से अधिक मजदूर मलबे में दबे

0
IMG_20260323_173229

प्रयागराज के गंगापार क्षेत्र में मलाक हरहर के पास लखन् रोड पर चंदापुर गांव के सामने स्थित सपा के पूर्व मंत्री अंसार अहमद के आदर्श कोल्ड स्टोरेज में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। अमोनिया गैस से भरे टैंक में जोरदार विस्फोट होने से पूरी इमारत की छत भरभराकर गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे 15 से अधिक मजदूर मलबे में दब गए।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय कोल्ड स्टोरेज में आलू रखा जा रहा था। अचानक हुए धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। हालांकि अमोनिया गैस के रिसाव के कारण राहत और बचाव कार्य शुरू करने में काफी दिक्कतें आ रही हैं, जिससे अंदर फंसे मजदूरों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।
अब तक मलबे से दो मजदूरों को बाहर निकाला गया है, जिन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया है। दबे हुए मजदूरों में कई के बिहार के सहरसा जिले का निवासी होने की बात सामने आ रही है।
प्रशासन द्वारा हालात पर काबू पाने और गैस रिसाव रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द रेस्क्यू ऑपरेशन तेज किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *