रिश्वतखोर लेखपाल को 10 हजार की घूस लेते गिरफ्तार,विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ पकड़ा
👉 कौशांबी में लेखपाल महेंद्र कुमार मौर्य 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार। हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने के बदले मांगे थे पैसे।
👉 लखनऊ विजिलेंस टीम ने चंपहा बाजार में ट्रैप कर दबोचा,
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज, जांच
(रिपोर्टर – अमरनाथ झा)
कौशांबी | 23 फरवरी 2026 । कौशांबी जिले में भ्रष्टाचार के विरुद्ध लखनऊ विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व विभाग के एक लेखपाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी लेखपाल की पहचान महेंद्र कुमार मौर्य के रूप में हुई है, जो सिंघवल गांव में तैनात था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंपहा बाजार निवासी भोलानाथ जायसवाल ने हैसियत प्रमाण पत्र जारी करने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि संबंधित लेखपाल ने प्रमाण पत्र बनाने के एवज में 10 हजार रुपये की अवैध मांग की। पीड़ित ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग से की, जिसके बाद गोपनीय जांच कर आरोपों की पुष्टि की गई।
जांच उपरांत लखनऊ विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। सोमवार दोपहर तय स्थान पर फरियादी को चिह्नित नोटों के साथ भेजा गया। जैसे ही लेखपाल ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए।
आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप की स्थिति है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति के तहत आगे भी कठोर कदम उठाए जाएंगे
अमरनाथ झा पत्रकार – 8318977396
