यूपी के 21 जिलों में कोहरा, नोएडा-गाजियाबाद की हवा खराब:10 शहरों में AQI 200 पार; 2 दिन में 5°C तक लुढ़केगा पारा
यूपी में बारिश और पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं से ठंड बढ़ गई है। सोमवार सुबह लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर समेत 21 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। देवरिया, बस्ती और फतेहपुर में विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि सड़कों पर 20 मीटर दूर भी देखना मुश्किल हो गया। इधर, दिवाली पर हुई आतिशबाजी के बाद से नोएडा-गाजियाबाद समेत 30 से ज्यादा शहरों की हवा दूषित हो गई है। 10 शहरों का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 200 के पार रिकॉर्ड किया गया। सबसे बुरा हाल गाजियाबाद (338) का रहा। नोएडा में हवा की क्वालिटी 331 यानी बेहद खराब स्तर तक पहुंच गई। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- पहाड़ों पर बर्फबारी से यूपी में ठंड बढ़ गई है। ठंडी हवाओं की वजह से तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है। 18 नवंबर तक दिन और रात के तापमान में 3°C से 5°C तक की कमी आ सकती है। सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है।
