जीएसटी सुधारों पर 29 अक्टूबर को होगा ‘सहजकर संवाद’, व्यापारियों को मिलेगी नई व्यवस्थाओं की जानकारी
प्रयागराज। जीएसटी सुधारों और कर प्रणाली के सरलीकरण को लेकर व्यापारियों, उद्योग प्रतिनिधियों और कर विशेषज्ञों को जागरूक करने के उद्देश्य से 29 अक्टूबर 2026 को ‘सहजकर संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें जीएसटी से संबंधित सुधारों, प्रक्रियाओं के सरलीकरण और करदाताओं की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा होगी।
केंद्रीय वस्तु एवं सेवाकर, इलाहाबाद की ओर से जारी सूचना के अनुसार, कार्यक्रम बृहस्पतिवार को अपराह्न तीन बजे जीएसटी भवन स्थित महाकुंभ हॉल, द्वितीय तल, 38 महात्मा गांधी मार्ग, प्रयागराज में आयोजित होगा। कार्यक्रम में जीएसटी परिषद की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देने के साथ ही करदाताओं और अन्य हितधारकों के सुझाव भी लिए जाएंगे।
इस संवाद कार्यक्रम में जीएसटी करदाताओं, व्यापारियों, उद्योग प्रतिनिधियों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), स्टार्टअप संचालकों, जीएसटी प्रैक्टिशनरों, अधिवक्ताओं और चार्टर्ड अकाउंटेंटों को आमंत्रित किया गया है। प्रतिभागियों को जीएसटी से जुड़ी समस्याएं रखने और उनके समाधान के संबंध में सुझाव साझा करने का अवसर भी मिलेगा।
केंद्रीय वस्तु एवं सेवाकर विभाग के सहायक आयुक्त हेम नाथ झा ने सभी संबंधित हितधारकों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर जीएसटी सुधारों और सरलीकरण संबंधी निर्णयों की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।
अरमनाथ झा पत्रकार कौशाम्बी -9415254416
