यूपी में 14 जिलों में 42% से 75% कम बारिश:ललितपुर में पुल डूबा, उन्नाव में नाव चल रही; बाराबंकी में गड्ढे में डूबने से 3 बच्चों की मौत
यूपी में मानूसन कमजोर पड़ने लगा है। राजस्थान से इसकी विदाई की शुरुआत हो चुकी है। धीरे-धीरे यह यूपी से भी विदा हो जाएगा। सीजन में अब तक 14 जिलों में बारिश का कोटा अब भी अधूरा है। सबसे कम बारिश देवरिया (75%), कुशीनगर (69%), कानपुर देहात (63%) और भदोही (60%) में हुई। पूरे प्रदेश की बात करें तो अब तक मानसूनी बारिश का कोटा पूरा नहीं हो पाया है। यूपी में 1 जून से अब तक 679 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 5% कम है। आमतौर पर इस दौरान प्रदेश में 715.8 मिमी. बारिश होनी चाहिए। हालांकि, पहाड़ों पर हुई जोरदार बारिश के बाद यूपी में कई नदियां उफान पर हैं। ललितपुर में बेतवा का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। तेज बहाव के बीच लोग बड़ी गाड़ियों से पुल पार कर रहे हैं। उन्नाव में गलियों में नावें चल रही हैं। बाराबंकी में रविवार शाम बारिश के पानी से भरे गड्ढे में नहाते समय तीन बच्चे डूब गए। तीनों की मौत हो गई। सोमवार सुबह से पूरे प्रदेश में मौसम साफ है। तेज धूप खिली हुई है। बीच-बीच में बादल भी छा रहे। आज प्रदेश में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। हालांकि, स्थानीय बादलों से कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग (IMD) का कहना है- बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम से 23 सितंबर को पूर्वी और 24 सितंबर को पश्चिमी यूपी में बारिश हो सकती है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी में एक नया सिस्टम बन गया है। यह आगे चलकर मजबूत होगा और ओडिशा-आंध्र प्रदेश की तरफ बढ़ेगा। इससे वापस लौटता मानसून 23 से 25 सितंबर के बीच पूरे यूपी में फिर से बरसेगा। बाढ़ की तस्वीरें देखिए… यूपी में बारिश-बाढ़ के अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
