महेवा घाट पर नहाने गए युवक की डूबने से मौत, NDRF ने रेस्क्यू कर निकाला शव
प्रयागराज। महेवा पूरब पट्टी स्थित महेवा घाट पर मंगलवार सुबह यमुना नदी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, युवक सुबह करीब 11:30 बजे यमुना नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के साथ फायर ब्रिगेड और NDRF की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने यमुना में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया।
हालांकि, नदी से बाहर निकाले जाने तक युवक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही युवक के परिजनों में कोहराम मच गया।
