आज अखबार नहीं, UP की कल की 15 बड़ी खबरें:अतीक के बेटे से मिलीं पल्लवी, अखिलेश ने गौमूत्र इकट्ठा किया, DIG की मौत
नमस्कार, कल 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस था। आज नो न्यूज पेपर डे है। अखबार नहीं आएगा। मगर आपको यूपी की हर जरूरी खबर दैनिक भास्कर एप मिलेगी। पढ़िए, कल की 15 बड़ी खबरें… 1- योगी का ऐलान- सरकार यूथ पॉलिसी लेकर आएगी; स्वतंत्रता दिवस पर पुलिसवालों ने डांस किया स्वतंत्रता दिवस पर सीएम योगी ने युवाओं के लिए एक ‘यूथ पॉलिसी’ लाने का ऐलान किया। योगी पगड़ी पहनकर विधान भवन पर झंडा फहराने पहुंचे। ब्रजेश पाठक धोती-कुर्ता में दिखे। मऊ में डीएम-एसपी पर भड़के मंत्री एके शर्मा ने कहा- ABCD सिखाने की जरूरत न पड़े। क्रिकेटर सहवाग रामलला के दर्शन करने पहुंचे। बागपत में पुलिसवालों ने डांस किया। पूरी खबर पढ़ें 2- सहारनपुर में ITBP के DIG की मौत; ड्राइवर की भी जान गई सहारनपुर में शनिवार को सड़क हादसे में ITBP के डीआईजी और उनके ड्राइवर की मौत हो गई। डीआईजी परमिंदर सिंह मसूरी से ट्रेनिंग पूरी करके पंजाब जा रहे थे। वह कश्मीर में पोस्टेड थे। ड्राइवर के अलावा गाड़ी में गनर भी था। देहरादून-पंचकूला नेशनल हाईवे पर कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई। फिर दूसरी लेन में सामने से आ रही कार से भिड़ गई। पूरी खबर पढ़ें 3- प्रयागराज में अतीक के बेटे से मिलीं पल्लवी पटेल, बोलीं- ये समय राजनीति का नहीं प्रयागराज में विधायक पल्लवी पटेल ने माफिया अतीक अहमद के बेटे अहजम से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मेरे पिता सोनेलाल जब मुसीबत में थे तो अतीक ने साथ दिया था। आज बेटा खत्म होने से वो परिवार गम में है। इसीलिए मैं मिलने आई हूं। अपना दल (कमेरावादी) की विधायक पल्लवी पटेल शुक्रवार शाम 4 बजे हटवा पहुंची थीं। यहां वह करीब 2 घंटे रुकीं। पूरी खबर पढ़ें 4. अखिलेश बोले- हमने 200 लीटर गोमूत्र इकट्ठा किया, लखनऊ DM को भेजकर 2000 रुपए लेंगे कानपुर देहात में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कहा- 1 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का दावा करने वाले गोमूत्र बिकवा रहे हैं। हमने 200 लीटर इकट्ठा किया है। अब लखनऊ के डीएम को भिजवाएंगे कि 200 लीटर गोमूत्र का पैसा भिजवा दीजिए। 10 रुपए लीटर के हिसाब से 2000 रुपए हमें मिलेंगे। अखिलेश ने कहा कि भाजपा बच्चों से डरी हुई है। पूरी खबर पढ़ें 5- संभल में स्कूल का छज्जा गिरने से बच्चे की मौत, पिता बोले- बेटे का साथ यहीं तक था संभल में स्वतंत्रता दिवस पर कार्यक्रम के दौरान एक स्कूल का छज्जा गिरने से 8 साल के बच्चे की मौत हो गई। दो बच्चे घायल हुए। बच्चे कार्यक्रम देखने स्कूल के छज्जे पर चढ़े थे। इसी दौरान अधिक वजन से छज्जा भरभराकर गिर गया। डीएम-एसपी कार्यक्रम छोड़कर पहुंचे। पिता ने किसी भी तरह की कार्रवाई से इनकार किया। कहा- बच्चे का साथ यहीं तक लिखा था। पूरी खबर पढ़ें 6- जालौन में IAS रिंकू सिंह राही बोले- ‘आज के हिसाब से बेवकूफ थे भगत सिंह’ जालौन में स्वतंत्रता दिवस पर एसडीएम रिंकू सिंह राही ने कहा- भगत सिंह आज के हिसाब से बेवकूफ और बेकार बच्चे थे। वो घर के हिसाब से बागी थे। जब भी मैं इतिहास पढ़ता हूं, तो मुझे लगता है कि किसानों का शोषण तो हमारे देश के ही आदमी ने किया था। शोषण करने वाला पटवारी होता था। वह अपने अंग्रेज अफसर के सामने अच्छा बनने के लिए ऐसा करता था। पूरी खबर पढ़ें 7- बहराइच में मासूम का कटा सिर चूमती रही मां, सिर-धड़ 5 मीटर दूर मिले बहराइच में 5 साल के बच्चे का कटा हुआ शव मिला। सिर और धड़ 5 मीटर की दूरी पर अलग-अलग पड़े थे। शव देखकर मां बेहोश हो गई। होश आने के बाद मां बेसुध हालत में बेटे का कटा हुआ सिर हाथ में लेकर चूमती रही। वह कभी धड़ के पैर सीधे करती, तो कभी कटे सिर को धड़ से जोड़ने की कोशिश करती। आशंका है कि बच्चे को किसी जंगली जानवर ने मार डाला। पूरी खबर पढ़ें 8- मेरठ में 5 मिनट देरी पर ब्लिंकिट के डिलीवरी बॉय को पीटा, घर में घसीटकर लात-घूसे मारे मेरठ में ऑर्डर की डिलीवरी में 5 मिनट की देरी होने पर युवक ने डिलीवरी बॉय की बेरहमी से पिटाई कर दी। शुक्रवार रात में जब डिलीवरी बॉय बिल्डिंग में पहुंचा तो युवक उस पर भड़क गया। गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। जान से मारने की धमकी देने लगा। वह किसी तरह जान बचाकर वहां से निकला। आरोपी ICICI बैंक का मैनेजर बताया जा रहा। पूरी खबर पढ़ें 9- भाजपा की महिला विधायक के गाली देने पर शिवपाल का हमला, बोले- सत्ता का दम बोल रहा भाजपा विधायक सरिता भदौरिया के कथित गाली-गलौज वाले वीडियो पर शिवपाल यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, ये सत्ता का दम बोल रहा है, महिला होकर इस प्रकार के शब्द…। अगर कोई गरीब ब्राह्मण एप्लिकेशन लेकर आया तो जनप्रतिनिधि के नाते उसकी बात सुननी चाहिए। लेकिन विधायक के बोल सुन लीजिए। भाजपा फिर भी नारी शक्ति की बात करती है। पूरी खबर पढ़ें 10- कन्नौज में ट्रैक्टर में फंसे युवक की मौत; एक तरफ से सिर दूसरी ओर से पैर बाहर निकले कन्नौज में स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों के लिए बूंदी लेने निकले युवक की ट्रैक्टर के पहिए-मडगार्ड के बीच फंसने से मौत हो गई। वह ट्रैक्टर से लिफ्ट लेकर जा रहा था। गड्ढे में जाते ही ट्रैक्टर उछला तो युवक पहिए और मडगार्ड के बीच आ गया। उसका सिर पहिए के एक ओर, धड़ दूसरी तरफ फंस गया। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद युवक के शव को बाहर निकाला गया। पूरी खबर पढ़ें 11- वृंदावन में 1000 kg सोने-चांदी के सिंहासन पर विराजे बांके-बिहारी, हरियाली तीज पर हरे वस्त्र धारण किए हरियाली तीज पर वृंदावन में बांके बिहारी 10 किलो सोने और 1000 किलो चांदी से बने झूले पर विराजमान हुए। उन्हें बेशकीमती हरी जड़ाऊ पोशाक पहनाई गई। बिहारी जी के दर्शन के लिए शनिवार सुबह से ही हजारों की संख्या में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। 8 बजे मंदिर का पट खुला। गलियां भक्तों से खचाखच भर गईं। हर तरफ बांके-बिहारी के जयकारे सुनाई दिए। पूरी खबर पढ़ें 12- उन्नाव और चित्रकूट में घरों तक पहुंचा पानी, संभल में छत गिरी, 7 लोग दबे यूपी में 11 नदियां खतरे के निशान को पार कर गईं। चित्रकूट और उन्नाव में कॉलोनियों और घरों में पानी पहुंच गया। लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं। गलियों में नावें चल रहीं। शुक्रवार को प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी स्टीमर से बाढ़ वाले इलाकों में पहुंचीं थीं। वहीं, संभल में मकान की छत गिरने से 7 लोग मलबे में दब गए। पूरी खबर पढ़ें 13- चिता पर महिला का शव हिलने लगा, 2 वैद्य के कहने पर बिना जलाए घर ले आए सोनभद्र में चिता पर शव में हलचल दिखने पर तो परिवारवाले उठा ले गए। दो वैद्यों ने नाड़ी देखकर उसके जिंदा होने की बात कही। पति ने बताया- चिता पर हलचल होने पर गांव के दो वैद्यों ने चेक कर दावा किया- ये जिंदा है। इसीलिए पत्नी को वापस घर ले आया था। 2 निजी और एक सरकारी डॉक्टर ने मौत की पुष्टि की तब 33 घंटे बाद अंतिम संस्कार किया। पूरी खबर पढ़ें 14. लखनऊ में कमरा दिलाने के बहाने लूट, 8 गिरफ्तार, यात्रियों को ऑटो से ले जाकर पीटते थे लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को फंसाने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया। बाजारखाला पुलिस ने गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के सदस्य स्टेशन पर अकेले आने वाले यात्रियों को कमरा दिलाने का झांसा देते थे। इसके बाद उन्हें ऑटो से सुनसान जगह पर ले जाते थे। पीटने के बाद उनसे UPI के जरिए अपने खाते में ट्रांजेक्शन कराते थे। पूरी खबर पढ़ें 15. वाराणसी में वकीलों को पुल से लटकाकर हॉकी से पीटा, कचहरी से लौटते समय नकदी-चेन लूटी वाराणसी में कचहरी से लौट रहे वकीलों पर बाइक सवार बदमाशों ने हमला बोल दिया। वकील को बेल्ट से पीटा और पुल पर लटकाते हुए जाने से मारने की धमकी दी। हमलावरों से गुहार लगाकर वकीलों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। वारदात के बाद हमलावर बाइक से भाग निकले। पीड़ित वकीलों ने कैंट थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पूरी खबर पढ़ें यूपी की ऐसी ही ताजातरीन खबरों के लिए पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर एप….
