मेरठ में लाइट जाते ही व्यापारी से 75 हजार लूटा:बदमाशों ने तमंचा दिखाकर बैग छीना, कहा- पीछा करोगे तो जान से मार देंगे

0
मेरठ में लाइट जाते ही व्यापारी से 75 हजार लूटा:बदमाशों ने तमंचा दिखाकर बैग छीना, कहा- पीछा करोगे तो जान से मार देंगे

मेरठ के गंगानगर इलाके में गुरुवार देर रात बिजली कटौती के दौरान एक किराना व्यापारी से तमंचे के बल पर 75 हजार रुपए लूट लिए गए। दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यापारी को बाइक सवार तीन बदमाशों ने रास्ते में रोक लिया, बैग छीन लिया और गोली मारने की धमकी देकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। व्यापारी के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर तीनों फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि व्यापारी के लूट का आरोप लगाने के बावजूद पुलिस फिलहाल इसे लूट मानने को तैयार नहीं है और जांच के बाद ही स्थिति साफ होने की बात कह रही है। दुकान बंद कर घर लौट रहे थे व्यापारी शिवलोक कॉलोनी निवासी विपिन कुमार रस्तौगी की तिलकपुरम कॉलोनी में गणपति किराना स्टोर है। गुरुवार रात करीब साढ़े 11 बजे वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। तभी पीछे से बाइक पर आए तीन युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। विरोध करने पर दिखाया तमंचा बदमाशों ने व्यापारी के हाथ में मौजूद बैग छीनने की कोशिश की। जब विपिन ने विरोध किया तो एक आरोपी ने तमंचा निकाल लिया और गोली मारने की धमकी दी। जान बचाने के लिए व्यापारी ने बैग छोड़ दिया, जिसके बाद बदमाश नकदी लेकर फरार हो गए। व्यापारी ने बताया कि बैग में करीब 75 हजार रुपए थे। यह रकम सेल्समैन को देनी थी, लेकिन उसके नहीं आने की वजह से वह पैसे अपने साथ घर ले जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया। बिजली गुल होने का उठाया फायदा घटना के समय पूरे इलाके की बिजली गुल थी, जिससे सड़क पर अंधेरा पसरा हुआ था। माना जा रहा है कि बदमाशों ने पहले से अंधेरे का फायदा उठाने की योजना बनाई थी। रोशनी नहीं होने के कारण व्यापारी और स्थानीय लोग आरोपियों का हुलिया ठीक से नहीं देख सके। पुलिस अभी लूट मानने को तैयार नहीं सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और व्यापारी से पूछताछ की। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच और सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद ही स्पष्ट होगा कि घटना लूट की है या कुछ और। फिलहाल पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। गंगानगर थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि शुक्रवार को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें