राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की
कौशांबी। राज्यमंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास, उत्तर प्रदेश श्रीमती कृष्णा पासवान ने 12 अगस्त की देर शाम मां शीतला अतिथि गृह, सयारा में जनपद के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान राज्यमंत्री ने खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समयसीमा में बदलने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ग्राम पंचायतवार विद्युत आवश्यकता का आकलन कर ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
कृषि विभाग की समीक्षा में उन्होंने सभी पात्र किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाने तथा किसी भी पात्र किसान का आवेदन लंबित न रखने को कहा। साथ ही जिले की सभी साधन सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान अधिक से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने और समूहों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया। उन्होंने छूटे हुए पात्र परिवारों को व्यक्तिगत शौचालय का लाभ दिलाने के भी निर्देश दिए।
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए राज्यमंत्री ने विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और बच्चों को मानक के अनुरूप मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने को कहा। वृक्षारोपण अभियान-2026 के तहत लगाए गए पौधों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा में पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मानक के अनुरूप शीघ्र मरम्मत कराने को कहा गया। वहीं आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने तथा पर्यटन परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए गए।
राज्यमंत्री ने निराश्रित महिला एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं से छूटे पात्र लोगों को चिह्नित कर लाभ दिलाने को कहा। राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना की समीक्षा के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि परिवार रजिस्टर के मिलान के बाद 9,706 नए पात्र लोगों को चिह्नित किया गया है, जिन्हें योजना का लाभ दिया जा रहा है। राज्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन योजना से वंचित न रहने पाए।
पीएम सूर्यघर योजना में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति हासिल करने तथा छात्रवृत्ति योजना से संबंधित सभी आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से मखाना की खेती कराने की कार्रवाई की जा रही है। पीएमएफएमई योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों के लिए बड़ी इकाई स्थापित करने तथा सीएम युवा योजना के माध्यम से समूहों को लाभान्वित करने की कार्रवाई भी चल रही है।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, नगर पालिका परिषद मंझनपुर के अध्यक्ष वीरेंद्र फौजी, जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल, पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
