कृषि योजनाओं का लाभ किसानों तक समय से पहुंचाने के निर्देश
कौशांबी। कृषि समृद्धि आयोग, उत्तर प्रदेश के सदस्य कुलजीत सिंह ने मां शीतला अतिथि गृह, सयारा में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने कृषि एवं किसान हित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान खाद एवं बीज की उपलब्धता, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मत्स्य पालन, पशुओं के टीकाकरण सहित अन्य किसान कल्याणकारी योजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्य कुलजीत सिंह ने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से मिलना चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से अनुदान आधारित योजनाओं में पात्र किसानों का चयन नियमानुसार करते हुए उन्हें निर्धारित अनुदान का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ वास्तविक पात्र किसानों तक बिना किसी अनावश्यक देरी के पहुंचे।
सदस्य ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कृषि क्षेत्र और किसानों के हित में संचालित योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
