यूपी में नदियां उफनाईं, डैम ओवरफ्लो, घर में घुसा मगरमच्छ:कानपुर-प्रयागराज में बारिश, 30 शहरों में अलर्ट; योगी बोले- अफसर फील्ड में उतरें
यूपी में मानसूनी बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। गंगा-यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जबकि घाघरा और शारदा समेत 4 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। सोनभद्र में ओवरफ्लो होने के बाद कनहर बांध के 3 गेट खोल दिए गए हैं। उधर, बनबसा, गिरिजा और घाघरा बैराजों से 3.20 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद शारदा और घाघरा नदियां उफान पर हैं, जिससे सीतापुर, पीलीभीत और लखीमपुर के रिहायशी इलाकों में पानी घुसने लगा है। पानी के साथ बहकर आ रहे मगरमच्छ अब लोगों के घरों में घुस रहे हैं। बागपत और नोएडा में हिंडन, बदायूं में गंगा, अयोध्या, गोंडा, बलिया में घाघरा और कुशीनगर में गंडक नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बस्ती में सरयू नदी के किनारे तेजी से कटान हो रहा है, जिससे कई पेड़ नदी में समा गए हैं। आज यानी शनिवार सुबह से कानपुर-प्रयागराज समेत 5 जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। अयोध्या, वाराणसी समेत 30 शहरों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने 30 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। वाराणसी और सोनभद्र समेत 9 जिलों में बिजली गिरने की आशंका है। बिगड़ते हालात को देखते हुए CM योगी ने अफसरों को तुरंत ग्राउंड पर उतरने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी बारिश, बाढ़ और आकाशीय बिजली से प्रभावित लोगों को हर संभव राहत पहुंचाएं। 4 तस्वीरें देखिए- लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसून रेखा का दक्षिण की ओर खिसकने और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कमजोर होने से अगले कल तक बारिश की गतिविधियों में कमी देखी जाएगी। मानसूनी सक्रियता फिलहाल पश्चिम-मध्य भारत की तरफ शिफ्ट हो गई है। 2 दिन बाद हालात बदलेंगे। 27 और 28 जुलाई से मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा। प्रदेश में आज कहां-कहां बारिश के आसार, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
