यूपी की बड़ी खबरें:शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का सतीश महाना पर पलटवार, गोंडा में कहा- विधानसभा अध्यक्ष पद को लज्जित कर रहे
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती बुधवार देर रात गोंडा पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी दो दिवसीय गोरक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा के तहत लोगों को संबोधित किया। साथ ही अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के ‘चंदा चोरी’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी। शंकराचार्य ने कहा- अब विधानसभा अध्यक्ष भी अपने पद की गरिमा को लज्जित कर रहे हैं। इतने ऊंचे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को अपनी गरिमा के अनुरूप संयमित भाषा का प्रयोग करना चाहिए। पढ़िए पूरी खबर… आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस खाई में गिरी: 6 यात्री घायल, फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया बाहर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह करीब 4 बजे एक डबल डेकर बस 15 से 20 फीट गहरी खाई में गिर गई। बस में करीब 60 यात्री सवार थे। हादसे में छह यात्री घायल हो गए, जबकि बाकी यात्री सुरक्षित बच गए। बस लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। हादसा फतेहाबाद थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, ड्राइवर को झपकी आने की आशंका है। इसी वजह से बस पहले आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से टकराई, फिर डिवाइडर तोड़ते हुए खाई में उतर गई। बस नहीं पलटी, जिससे अन्य यात्रियों को गंभीर चोट नहीं आई। सूचना मिलते ही फतेहाबाद पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को फतेहाबाद सीएचसी भेजा गया। अन्य यात्रियों के लिए दूसरी बस की व्यवस्था कर उन्हें टोल प्लाजा-21 के रास्ते दिल्ली के लिए रवाना किया गया। पढ़िए पूरी खबर… हापुड़ में बस और ट्रक की टक्कर: ड्राइवर समेत 12 यात्री घायल, 4 की हालत गंभीर; मेरठ रेफर दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह करीब 4 बजे ब्रजघाट के पास लखनऊ से दिल्ली जा रही रोडवेज बस की सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। टक्कर में बस चालक समेत करीब 12 यात्री घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर होने पर मेरठ रेफर किया गया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर तक जाम की स्थिति बनी रही। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई यात्री सीटों से उछलकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ब्रजघाट चौकी पुलिस, एनएचएआई की टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को गढ़मुक्तेश्वर सीएचसी और आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पढ़िए पूरी खबर… डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने बाबा विश्ननाथ की पूजा-अर्चना: बनकटी हनुमान मंदिर में मत्था टेका, बोले- लोगों को हनुमान की गदा पर विश्नास रखना चाहिए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार सुबह 8 बजे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। करीब आधे घंटे तक मंदिर परिसर में रहे। इसके बाद वह दुर्गाकुंड स्थित बनकटी हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर केशव मौर्य ने कहा- एसआईटी पूरे मामले की जांच कर रही है। लोगों को कानून पर भरोसा रखना चाहिए। साथ ही हनुमान जी महाराज की गदा पर भी भरोसा रखना चाहिए। इस दौरान डिप्टी सीएम ने काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं की जानकारी अधिकारियों से ली। पढ़िए पूरी खबर… मिर्जापुर में ट्रक घर में घुसा, 3 की मौत:सो रहे दो गंभीर घायल, वाराणसी रेफर मिर्जापुर में टायर फटने से एक ट्रक ने 5 लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो की हालत गंभीर है। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर कुदारन गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर एक घर में जा घुसा। इस दुर्घटना में घर में सो रहे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान राजा (50 वर्ष, पुत्र स्वर्गीय श्रीराम), चंद्रतरा देवी (50 वर्ष, पत्नी सीताराम) और सुखिया देवी (65 वर्ष, पत्नी स्वर्गीय श्रीराम) के रूप में हुई है। घायलों में सुहानी (12 वर्ष, पुत्री चंद्रशेखर) और सुनील शर्मा (55 वर्ष) शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रहे ट्रक का टायर फटने से यह हादसा हुआ। गंभीर रूप से घायल सुहानी और सुनील शर्मा को तत्काल वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। पढ़िए पूरी खबर…
