बसपा नेता का हत्यारोपी मुस्तफिजुल एनकाउंटर में मारा गया:यूपी STF ने 2 गोलियां मारीं; चलती ट्रेन से कूदकर पुलिस कस्टडी से भागा था
गोरखपुर में यूपी STF ने बसपा नेता की हत्या के आरोपी बदमाश को सोमवार रात 11:15 बजे एनकाउंटर में मार गिराया। उस पर 1 लाख का इनाम था। STF और पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर और आंख के पास गोली लगी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ जिला मुख्यालय से 10 किमी दूर रामनगर करजहा में हुई। 30 मिनट चली मुठभेड़ में दोनों तरफ से 15 राउंड फायरिंग हुई। बदमाश मुस्तफिजुल हसन ने 4 साल पहले बसपा नेता कलामुद्दीन उर्फ कमालू की हत्या की थी। कलामुद्दीन ने आजमगढ़ की निजामाबाद विधानसभा से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। मुस्तफिजुल लगातार ठिकाने बदलता रहता था, इसलिए पुलिस उसे पकड़ नहीं पा रही थी। दिसंबर 2024 में पुलिस ने मुस्तफिजुल को गुजरात से गिरफ्तार किया था, लेकिन आजमगढ़ लाते समय वह महाराष्ट्र के अमरावती रेलवे स्टेशन के पास टॉयलेट जाने का बहाना कर चलती ट्रेन से कूद गया था। मुस्तफिजुल आजमगढ़ के मेहनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला था। उसके खिलाफ आजमगढ़ (8), हरदोई (1) और महाराष्ट्र के अमरावती (1) में हत्या, लूट जैसी धाराओं में 10 मुकदमे दर्ज थे। एनकाउंटर से जुड़ी हुईं तस्वीरें देखिए… पुलिस ने रोका तो फायरिंग की, जवाबी फायरिंग में ढेर STF और पुलिस को सूचना मिली थी कि मुस्तफिजुल कुशीनगर की ओर जा रहा है। STF और पुलिस ने रामनगर-कड़जहां फोरलेन पर चेकिंग शुरू कर दी। रात 11 बजे मुस्तफिजुल बाइक से आया। टीम ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पीछा किया तो फायरिंग कर दी। एक गोली STF के हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र सिंह को लग गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। मुस्तफिजुल को दो गोलियां लगीं और वह सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस घायल सिपाही और बदमाश को खोराबार प्राइमरी हेल्थ सेंटर (PHC) लेकर आई। रात 1 बजे इलाज के दौरान मुस्तफिजुल की मौत हो गई। मौके से पुलिस ने .32 बोर की पिस्टल, एक बाइक और कारतूस बरामद किए। बदमाश के भाई की हत्या के आरोपी थे बसपा नेता कमालुद्दीन बसपा नेता की 2021 में हत्या हुई, दुबई से धमकियां मिल रही थीं यूपी STF के मुताबिक, बसपा नेता कमालुद्दीन भी खुंदनपुर गांव के रहने वाले थे। लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलिंग करते थे। 15 फरवरी 2021 को उनकी हत्या कर दी गई थी। जांच के दौरान आजमगढ़ पुलिस को माफिया मुख्तार अंसारी का सीधा कनेक्शन मिला था। उसके गैंग से जुड़े दो फरार बदमाश अली शेर और मसरूर भी वारदात में शामिल थे। ————————– यह खबर भी पढ़िए:- ‘मेरे पति फौजी, उनको आतंकी जैसे पीटा गया’:आगरा में रेलवे अफसर की पत्नी बोलीं- RPF वाले घुटने टेककर माफी मांगें, वरना जान दे दूंगी ‘मेरे पति फौजी रहे हैं, उनको आतंकवादी की तरह घसीटा गया। उन्होंने कोई गलती नहीं की थी। ड्यूटी के दौरान वह एक महिला की मदद कर रहे थे।’ यह कहना है आगरा में RPF जवानों की पिटाई का शिकार बने डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट (DSS) नरेंद्र चाहर की पत्नी हरेंद्री चाहर का। पढ़ें पूरी खबर…
